भागलपुर : गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. छह से आठ घंटे में इसके जलस्तर में एक सेमी के हिसाब से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. बुधवार शाम चार बजे तक इसके जलस्तर में चार सेमी की और वृद्धि हो सकती है.
मंगलवार शाम सात बजे तक गंगा का जलस्तर 34.14 मीटर पर रहा. जो खतरे के निशान से 46 सेमी अधिक है. यह 2016 के अधिकतम रिकॉर्ड के करीब पहुंच चुका है. कहलगांव में खतरे के निशान से गंगा 89 सेमी पार पहुंच चुकी है. बुधवार रात 10 बजे तक इसमें और आठ सेमी की वृद्धि दर्ज की जा सकती है. सुलतानगंज में गंगा खतरे के निशान से 92 सेमी ऊपर है. स्थिति पहले से और ज्यादा भयावह हो चुकी है.
