भागलपुर : शुक्रवार शाम चार बजे के करीब सबौर ग्रिड फेल कर गया. शहर की बिजली ब्लैक आउट हो गयी. शहर करीब 45 मिनट तक ब्लैक आउट रह गया. ट्रांसमिशन के इंजीनियर ने शाम 4.45 बजे के करीब ग्रिड की लाइन को रि-स्टोर किया, तभी एक-एक कर शहरी क्षेत्र के उपकेंद्र की आपूर्ति शुरू हो गयी और लोगों के घर तक बिजली पहुंची.
ग्रिड हुआ चालू, तो उपकेंद्रों की शुरू हुई नौटंकी: सबौर ग्रिड की लाइन शाम 4.45 बजे के करीब चालू तो हो गया, लेकिन इसके बाद से उपकेंद्रों की नौटंकी शुरू हो गयी. इससे लोगों को आधी रात तक राहत नहीं मिल सकी. शाम पांच बजे के बाद आधी रात तक बरारी, सेंट्रल जेल व मायागंज एवं सिविल सर्जन व टीटीसी की बिजली पूरी तरह से ठप रही.
परबत्ती में ट्रांसफॉर्मर किया ब्लास्ट, बिजली ठप: परबत्ती में शुक्रवार को डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मर ब्लास्ट कर गया. इस कारण इलाके की बिजली ठप हो गयी. स्थानीय लोगों की सूचना पर बिजली विभाग ट्रांसफॉर्मर बदलने की तैयारी चल रही है.
सिकंदपुर में बदल कर लगाया 315 केवीए का ट्रांसफॉर्मर : सिकंदपुर पानी टंकी स्थित 200 केवीए की जगह पर बदल कर 315 केवीए का ट्रांसफॉर्मर लगाया गया है.
ट्रांसफॉर्मर से बिजली की सप्लाइ शनिवार सुबह से होगी. इधर, ट्रांसफॉर्मर बदलने के लिए पूरे दिन बिजली ठप रही. रात में भी लोगों को बिजली नहीं मिली.
