भागलपुर : जिलाधिकारी प्रणव कुमार ने मंगलवार को डीआरडीए सभागार में शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा के दौरान कई तरह की गड़बड़ियां पकड़ी. इस दौरान शिक्षा विभाग के पदाधिकारी व स्कूल के हेडमास्टर को शिक्षा में गुणवत्ता लाने की नसीहत दी. स्कूल के भवन निर्माण को लेकर साढ़े आठ करोड़ की राशि के मामले में डीएम ने कहा कि एक व दो नवंबर को ब्लॉक में कैंप लगा कर उपयोगिता प्रमाण पत्र लिया जायेगा.
पांच नवंबर के बाद संबंधित स्कूल के हेडमास्टर के खिलाफ नीलाम पत्र वाद व एफआइआर करायेंगे. जो प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी दो दिवसीय कैंप नहीं लगायेंगे, उनके खिलाफ प्रपत्र क गठित होगा. अभी तक भवन निर्माण की बकाया राशि के समायोजन नहीं होने पर नौ लोगों पर प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है. डीएम ने उक्त आरोपित को निलंबित करने का निर्देश दिया. डीएम ने कहा कि जिले के 1371 बच्चे स्कूल से दूर हैं, इनको बुलाएं और पढ़ाएं. मौके पर डीडीसी सुनील कुमार, डीइओ मधुसूदन पासवान, प्रशिक्षु आइएएस तरनजोत सिंह आदि थे.
बिना भूमि व जमीन के चल रहे 114 स्कूल : समीक्षा में कहा गया कि 114 स्कूलों के पास भूमि व अपना भवन नहीं है. इनमें से 48 स्कूलों को नजदीक के स्कूल में टैग करके चलाया जा रहा है. शेष 66 स्कूल सामुदायिक भवन या पेड़ के नीचे चल रहे हैं. डीएम ने डीपीओ (एसएसए) को निर्देश दिया कि संबंधित स्कूल के हेडमास्टर से रिपोर्ट लें. उनकी अध्यक्षता में अलग से मामले को लेकर बैठक करेंगे. जमीन उपलब्धता को लेकर बीइओ को सीओ से संपर्क कर जमीन मुहैया कराने की बात कही. उन्होंने जेई को 31 अक्तूबर तक अधूरे भवन को पूरा करने के लिए कहा.
सन्हौला में गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा का पायलट प्रोजेक्ट शुरू : डीएम ने सन्हौला में गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा का पायलट प्रोजेक्ट शुरू कर दिया. बच्चों का 11 बजे सुबह के पहले उपस्थिति अपने हाथों से रजिस्टर पर दर्ज करेंगे. पहली से पांचवीं कक्षा तक के प्राइमरी स्कूल में बच्चे उपस्थिति रजिस्टर में अपना नाम लिखेंगे. इससे फर्जीवाड़ा रुकेगा और बच्चों में लेखन की कला आयेगी. प्रत्येक विद्यालय में छह माह के दौरान सिर्फ पांच दिन आनेवाले बच्चों की तलाश हाेगी. इसको लेकर पांच बच्चों का एक ग्रुप बनेगा. जो संबंधित बच्चों को वापस लायेंगे. बीइओ एक मॉड्यूल बनायेंगे. केंद्र प्रभारी, प्रधानाध्यापक व शिक्षक स्कूल छोड़ने वाले बच्चे को पुनः स्कूल लाने का प्रयास करेंगे.
इस्माइलपुर व निगम में छात्र व शिक्षक की संख्या का होगा समायोजन : डीएम ने छात्र व शिक्षक की संख्या का समायोजन निगम व इस्माइलपुर प्रखंड के स्कूलों में करने के लिए कहा. एक सप्ताह में उक्त समायोजन की रिपोर्ट देने के लिए कहा. यह रिपोर्ट संबंधित नियोजन इकाई को जायेगी.
डीआरडीए सभागार में शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा हुई
इन कारणों से पदाधिकारियों पर हुई कार्रवाई
शाहकुंड के बीइओ व एमडीएम के डीआरसी के बैठक में नहीं आने पर शोकॉज हुआ.
गोराडीह व इस्माइलपुर के बीइओ पर भवन निर्माण की राशि समायोजन का रिपोर्ट नहीं देने पर 15 दिनों का वेतन काटा.
एमडीएम के डीपीएम व लेखापाल पर किचन शेड की गलत रिपोर्ट देने पर वेतन बंद कर किया.
आरएमएसएमए के डीपीओ को 60 पंचायत के विद्यालय के उत्क्रमित करने के प्रस्ताव को राज्य सरकार के पास नहीं भेजने को लेकर शोकॉज हुआ.
डीपीओ एमडीएम को पिछले दो साल से मध्याह्न भोजन, अनुश्रवण समिति की संचिका को बैठक में नहीं लाने पर शोकॉज हुआ.
कस्तूरबा स्कूल के प्रभारी को तीन माह पूर्व कस्तूरबा स्कूल के डीपीओ को रोस्टर के अनुसार रिक्त पदों पर बहाली नहीं करने पर 15 दिनों का मानदेय रोक दिया.
17 ब्लॉक के 51 स्कूल बनेंगे मॉडल, आरटीइ के तहत होगा सुधार
डीएम ने प्रत्येक ब्लॉक से तीन-तीन स्कूल का नाम मांगा था, जिसे आरटीइ के तहत सुधार करते हुए मॉडल बनाया जायेगा. इस तरह 17 ब्लॉक के कुल 51 स्कूल को संबंधित बीइओ मॉडल बनायेंगे. इन स्कूलों की जांच 10 नवंबर के बाद होगी. अगर कोई कमी पायी गयी, तो बीइओ जिम्मेदार होंगे. सभी बीइओ को अपने क्षेत्र के कम से कम 20 स्कूल का निरीक्षण करना है और उसकी रिपोर्ट डीपीओ स्थापना के पास भेजना है.
यह भी दिये निर्देश
- हर पंचायत में उत्क्रमित कर उच्च विद्यालय बनाना है, इसके लिए कार्रवाई करने का निर्देश.
- प्रत्येक स्कूल में स्वास्थ्य विभाग 9 माह से 15 वर्ष तक के बच्चों का 20 जनवरी से टीकाकरण का कार्य करेगा.
- पीएचइडी को स्कूलों में नल लगाने के साथ मरम्मत को लेकर दोबारा निर्देश हुआ.
- स्कूल में रंग-रोगन साफ-सफाई इत्यादि ठीक ढंग से हो.
- चेतना सत्र में शिक्षक ठीक ढंग से बच्चों की स्वास्थ्य जांच साफ-सफाई की जांच भी करें.
- बीआरपी के बीईओ एमडीएम की जांच ठीक ढंग से करें और रजिस्टर का संधारण करवाएं.
- पैरेंट्स-टीचर की बैठक हो और पाठ्यपुस्तक का पैसा छात्रों को अविलंब उपलब्ध करायें.
- टोला सेवक की बैठक करके समीक्षा रिपोर्ट भेजे.
- कस्तूरबा स्कूल में रिक्त पद पर बहाली की जाये.
