विक्रमशिला सेतु की छह बेयरिंग बदलने की तैयारी शुरू, जैक से उठाया जायेगा स्लैब

भागलपुर : विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त एक्सपेंशन ज्वाइंट को तोड़कर निकालने के बाद अब सेतु के दो ज्वाइंट पर छह बॉल बियरिंग को बदलने का काम शुरू होगा. बॉल बियरिंग को पिलर नंबर दो और तीन पर रखे पुल के स्लैब के नीचे बदला जायेगा. बॉल बेयरिंग बदलने के लिए स्लैब के दोनों छोर को […]

भागलपुर : विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त एक्सपेंशन ज्वाइंट को तोड़कर निकालने के बाद अब सेतु के दो ज्वाइंट पर छह बॉल बियरिंग को बदलने का काम शुरू होगा. बॉल बियरिंग को पिलर नंबर दो और तीन पर रखे पुल के स्लैब के नीचे बदला जायेगा. बॉल बेयरिंग बदलने के लिए स्लैब के दोनों छोर को जैक से पहले उठाया जायेगा. फिर क्षतिग्रस्त हो चुके बेयरिंग को एक-एक कर बदला जायेगा.
फिलहाल गुरुवार से स्लैब को उठाने के लिये जैक को लगाने का काम शुरू होगा. इस काम में दो या तीन दिन का समय लग सकता है. क्योंकि दो पिलरों के बीच रहे सीमेंट के मोटे स्लैब को जैक से उठाने के दौरान अगर सावधानी नहीं बरती गयी तो यह खिसक भी सकता है. फिर मेंटेनेंस टीम को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा. मरम्मत की अवधि महीनों बढ़ सकती है. बता दें कि तीन दिन बाद बियरिंग को बदलने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है.
कार्बन प्लेट को बदलने का काम 75 प्रतिशत पूरा : विक्रमशिला सेतु के पिलर नंबर दो और तीन के बीच रखे कंक्रीट के मोटे लिंटर में दर्जनों जगह दरार आ गयी है. लिंटर के इन दरार को बीते दो दिनों से स्टील कार्बन प्लेट साटकर मजबूत किया जा रहा है. इससे पहले दरार में केमिकल डालकर इसे भरा गया. कार्बन प्लेट को बदलने का काम 75 प्रतिशत पूरा हो गया है. दरार भरकर कार्बन प्लेट को साटने का काम शुक्रवार तक चलने की संभावना है.
रोहरा रीबिल्ड एसोसिएट के मैनेजिंग डायरेक्टर पहुंचे
विक्रमशिला सेतु के मरम्मत में लगी मुंबई की रोहरा रीबिल्ड एसोसिएट के मैनेजिंग डायरेक्टर एमआर रोहरा बुधवार को भागलपुर पहुंचे. वह भागलपुर में दो दिन रहकर सेतु के मेंटेनेंस वर्क की समीक्षा करेंगे. वहीं कार्य में तेजी लाने के लिए वह टेक्निकल एडवाइस भी कामगारों को देंगे. मेंटेनेंस वर्क में लगे कारीगरों ने बताया कि पुल की मरम्मत का आधा काम हो चुका है. बाॅल बेयरिंग बदलने के बाद स्थिति सामान्य हो जायेगी.
राहगीरों को कई परेशानी
विक्रमशिला सेतु के मेंटेनेंस को लेकर यातायात बाधित करने छठे दिन भी राहगीरों को कई परेशानी उठानी पड़ी. हवा नहीं चलने से लोगों को चिलचिलाती धूप और उमस का सामना करना पड़ा. लोग अपने छोटे छोटे बच्चों को कपड़े से ढंककर पैदल जाते देखे गये. वहीं भागलपुर से लौट रही मरीज सुबोध दास के परिजनों ने बताया कि स्टोल का ऑपरेशन हुआ है. मरीज का चलना मुश्किल है. सेतु बंद होने के कारण अस्पताल से घर तक के लिये एंबुलेंस की व्यवस्था नहीं हो पायी. इधर, दिनभर पुल पर भीषण गर्मी के बीच मौके पर गन्ने का रस, ठंडा पानी बेच रहे वेंडरों की खूब खरीदारी हुई है.
विक्रमशिला समानांतर सेतु: भू अर्जन के लिए 52.92 करोड़ की राशि का भेजा जायेगा प्रस्ताव
भागलपुर : विक्रमशिला समानांतर सेतु के जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया में तेजी आयेगी. पुल निर्माण निगम से भू अर्जन को लेकर प्रस्तावित 52.92 करोड़ रुपये की राशि की प्रशासनिक स्वीकृत का प्रस्ताव भेजने के लिए कहा गया है. पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव अमृत लाल मीणा ने मामले को लेकर पुल निर्माण निगम के अध्यक्ष को पत्र लिखा है.
प्रधान सचिव ने कहा कि 52.92 करोड़ रुपये की राशि से 51.46 एकड़ जमीन का अधिग्रहण होना है. जैसे ही विभाग की प्रशासनिक स्वीकृति मिल जायेगी, वैसे ही भागलपुर डीएम को भूमि अधिग्रहण की अधियाचना का प्रस्ताव भेजने के लिए कहा जायेगा. भागलपुर से नवगछिया तक की सड़क को एनएच के रूप में स्वीकृति का भी प्रस्ताव चल रहा है. इसके बाद ही पुल निर्माण की कार्रवाई शुरू हो पायेगी.
राज्य योजना से मिलेगी भू अर्जन की राशि
समानांतर सेतु को लेकर भूमि अर्जन की राशि राज्य योजना से खर्च होगी. इस सेतु का डीपीआर पहले ही दिया जा चुका है. जिसके आधार पर भूमि अर्जन का प्रस्ताव तैयार हुआ था. यह भूमि अर्जन राज्य सरकार अपने स्तर पर कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >