चनपटिया: नगर पंचायत कार्यालय परिसर में मंगलवार को उस समय अजीब स्थिति उत्पन्न हो गई, जब एक युवक ने ट्रैक्टर पर लदा कूड़ा-कचरा कार्यालय परिसर में ही गिरा दिया. घटना के बाद कार्यालय परिसर में मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया. जानकारी के अनुसार नगर पंचायत द्वारा शहर से कूड़ा-कचरा उठाव का कार्य कराया जाता है. आरोप है कि उठाए गए कचरे को निर्धारित स्थान पर नहीं फेंककर इधर-उधर डाल दिया जाता है, जिससे आसपास के लोगों को दुर्गंध और गंदगी की समस्या झेलनी पड़ रही है. इसी से नाराज होकर एक युवक ट्रैक्टर पर कचरा लादकर नगर पंचायत कार्यालय पहुंचा और परिसर में ही उसे गिरा दिया. युवक ने कहा कि नगर पंचायत द्वारा कचरा बिना किसी निर्धारित जगह के यत्र-तत्र फेंका जा रहा है. इससे उठने वाली दुर्गंध के कारण आम लोगों को काफी परेशानी हो रही है. उसने बताया कि इस समस्या को लेकर वह पूर्व में कई बार नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) और कर्मियों से शिकायत कर चुका है, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ. इधर, मामले को लेकर नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी हेमंत कुमार ने बताया कि सफाई कर्मियों को नहर के पास बनाए गए कचरा पिट में ही कचरा फेंकने का निर्देश दिया गया था. उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी ली जा रही है और यदि कहीं निर्देशों का पालन नहीं किया गया है तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
युवक ने ट्रैक्टर पर लदा कूड़ा-कचरा नगर पंचायत कैंपस में ही गिराया, किया बवाल

नगर पंचायत गिराते कचरा | Prabhat Khabar Network
Copied link
चनपटिया नगर पंचायत में कचरा प्रबंधन से नाराज युवक ने कार्यालय परिसर में ही कचरा गिराकर विरोध जताया। अधिकारियों ने जांच का आश्वासन दिया है।