Homeguard Pending Allowance: पश्चिम चम्पारण में विभिन्न सरकारी कार्यालयों में प्रतिनियुक्त गृहरक्षकों का लगभग 57.71 लाख रुपये का कर्तव्य भत्ता लंबित होने का मामला सामने आया है. जिला समादेष्टा-सह-जिला अग्निशमन पदाधिकारी, बिहार गृह रक्षा वाहिनी, पश्चिम चम्पारण ने संबंधित विभागों को पत्र जारी कर अविलंब भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. पत्र में स्पष्ट किया गया है कि समय पर भुगतान नहीं होने से गृहरक्षकों का ईपीएफ अंशदान भी जमा नहीं हो पा रहा है.
15 तारीख तक भुगतान न होने पर लगेगा जुर्माना, विभागों को चेतावनी
30 जुलाई 2026 को जारी पत्र के अनुसार इस संबंध में 24 मार्च 2026 को भी संबंधित कार्यालयों को पत्र भेजा गया था, लेकिन अब तक लंबित राशि का भुगतान नहीं किया गया. इसके कारण ईपीएफ कार्यालय में समय पर अंशदान जमा नहीं हो रहा है. पत्र में कहा गया है कि प्रत्येक माह की 15 तारीख तक ईपीएफ जमा नहीं होने पर ईपीएफ विभाग द्वारा जुर्माना लगाया जा सकता है. ऐसी स्थिति में जुर्माने की जिम्मेदारी संबंधित कार्यालयों की होगी.
बकाया राशि का विवरण निम्नलिखित है:
- जिला बाल संरक्षण इकाई: 43.99 लाख रुपये
- जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र: 8.44 लाख रुपये
- जिला खेल पदाधिकारी कार्यालय: 5.26 लाख रुपये
तीनों विभागों पर कुल मिलाकर 57.71 लाख रुपये का भुगतान लंबित है. जिला समादेष्टा ने संबंधित विभागों से तत्काल भुगतान करने का अनुरोध किया है.
ये भी पढ़ें:बेतिया में भक्तिमय हुआ माहौल, सागर पोखरा मंदिर में भगवान भोलेनाथ का भव्य श्रृंगार
