15 घंटे तक नहीं आई बिजली... उमस से परेशान ग्रामीण सड़क पर उतरे, विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी

पश्चिम चंपारण के हरनाटांड़ क्षेत्र में सेमरा ग्रिड से जुड़े दर्जनों गांवों में 15 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रहने से ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. भीषण गर्मी में पेयजल संकट और अन्य परेशानियों से परेशान लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया.

Bettiah Power Cut: पश्चिम चंपारण के हरनाटांड़ क्षेत्र में सेमरा ग्रिड से जुड़े दर्जनों गांवों में करीब 15 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रहने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली नहीं मिलने से परेशान ग्रामीणों ने शुक्रवार को प्रदर्शन कर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की.

ग्रामीणों ने विभाग पर लापरवाही और ग्रामीण क्षेत्रों के साथ भेदभाव का आरोप लगाते हुए व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की.

यह भी पढ़ें: 21 साल से वही स्वाद… मुजफ्फरपुर के इस समोसे के लिए आज भी दूर-दूर से पहुंचते हैं लोग

पूरी रात अंधेरे में गुजरे गांव

ग्रामीणों के अनुसार, गुरुवार दोपहर से सेमरा, बोरवल समेत आसपास के कई गांवों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद रही. पूरी रात और शुक्रवार सुबह तक बिजली नहीं आने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो गई.

बिजली कटने से पेयजल संकट गहरा गया, मोबाइल फोन डिस्चार्ज हो गए, छोटे कारोबारियों का काम प्रभावित हुआ और बच्चों की पढ़ाई भी बाधित रही. उमस के कारण बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ी.

विभाग पर लगाए गंभीर आरोप

प्रदर्शन में शामिल ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय तक बिजली कटौती अब आम बात बन चुकी है. उनका आरोप था कि विभाग बिजली आपूर्ति बाधित होने की पूर्व सूचना भी उपभोक्ताओं को नहीं देता.

लोगों का कहना है कि शहरों की तुलना में ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक समय तक बिजली काटी जाती है, जिससे उपभोक्ताओं में नाराजगी लगातार बढ़ रही है.

जेई की कार्यप्रणाली पर भी उठे सवाल

ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सेमरा ग्रिड के कनीय विद्युत अभियंता (JE) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए. उनका कहना था कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हो रहा है.

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा.

ग्रामीणों की प्रमुख मांगें

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि—

  • लंबी और बार-बार होने वाली बिजली कटौती पर रोक लगाई जाए.
  • फॉल्ट होने पर तत्काल मरम्मत की व्यवस्था हो.
  • बिजली बाधित होने से पहले उपभोक्ताओं को सूचना दी जाए.
  • ग्रामीण क्षेत्रों में भी शहरों की तरह नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए.

बिजली विभाग ने क्या कहा?

सेमरा ग्रिड के कनीय विद्युत अभियंता डब्ल्यू. महतो ने बताया कि लाइनमैन और इलेक्ट्रीशियन लगातार फॉल्ट ठीक करने में जुटे हैं.

उन्होंने कहा कि लगातार हो रही बारिश के कारण मरम्मत कार्य प्रभावित हुआ है. मौसम अनुकूल रहने पर तीन से चार घंटे के भीतर बिजली आपूर्ति सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है.

यह भी पढ़ें: पहले शादी का झांसा, फिर कोर्ट मैरिज... अब 5 लाख दहेज नहीं देने पर घर से निकालने का आरोप


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Jay prakash verma

Published by: Aaruni Thakur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >