West Champaran News: वाल्मीकिनगर में शुक्रवार दोपहर वीटीआर से सटे रिहायशी इलाके में दो जंगली भालू दिखाई देने से अफरा-तफरी मच गई. जटाशंकर चेक नाका के पास एसबीआई शाखा और जल संसाधन विभाग कार्यालय के समीप भालुओं को घूमते देख स्थानीय लोगों और राहगीरों में दहशत फैल गई. वहीं सड़क से गुजर रहे कई पर्यटकों ने अपनी गाड़ियां रोककर भालुओं की गतिविधियां देखीं.
Valmikinagar News: जटाशंकर चेक नाका के पास दिखे दो भालू
जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर दो जंगली भालू जटाशंकर चेक नाका के आसपास घूमते दिखाई दिए. दिन के समय रिहायशी इलाके में भालुओं की मौजूदगी से लोगों के बीच डर का माहौल बन गया. कई राहगीर मौके पर रुक गए, जबकि कुछ लोगों ने सुरक्षित दूरी बनाए रखी.
पर्यटकों ने रोकी गाड़ियां, देखने लगी भीड़
सड़क से गुजर रहे कई पर्यटकों ने भालुओं को देखकर अपनी गाड़ियां रोक दीं. लोग दूर से भालुओं की गतिविधियां देखते रहे. वन्यजीवों के रिहायशी क्षेत्र में पहुंचने से स्थानीय लोगों की चिंता भी बढ़ गई है.
जंगल से भोजन की तलाश में आबादी तक पहुंच रहे वन्यजीव
वीटीआर का पर्यटन सत्र 29 जून से बंद है. इस दौरान वन्यजीवों का प्रजनन काल होने के कारण जंगल अपेक्षाकृत शांत रहता है. वन अधिकारियों के अनुसार ऐसे समय में भोजन की तलाश में कई वन्यजीव जंगल से निकलकर आसपास के रिहायशी इलाकों तक पहुंच जाते हैं.
अधिकारियों के अनुसार इस मौसम में भालुओं का आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आना भी देखा जाता है. इसी कारण जंगल से सटे इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है.
वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी, कर्मचारियों को किया अलर्ट
स्थानीय लोगों के अनुसार जटाशंकर चेक नाका और सिंचाई विभाग कार्यालय के आसपास हाल के दिनों में वन्यजीवों की गतिविधियां बढ़ी हैं. इसे देखते हुए वन विभाग ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है. वनकर्मियों को भी अलर्ट मोड में रखा गया है.
वन्यजीवों से दूरी बनाए रखने की अपील
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी जंगली जानवर को देखकर उसके करीब न जाएं. वन्यजीवों की फोटो या वीडियो बनाने के लिए उनका पीछा करने अथवा उन्हें उकसाने का प्रयास भी न करें. किसी वन्यजीव के आबादी वाले क्षेत्र में दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है.
यह भी पढ़ें: वाल्मीकिनगर में बाढ़ और उफनते नाले के बीच एसएसबी जवानों की ड्यूटी, पुल के अभाव में बढ़ी मुश्किल
