Bettiah News: शिकारपुर थाना क्षेत्र के चानकीगढ़ गांव में पोखर में डूबने से तीन वर्षीय बच्चे की मौत हो गयी. मृतक की पहचान चानकीगढ़ निवासी अफसाना खातून के पुत्र अफान अंसारी के रूप में हुई है. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया.
खेलते-खेलते पोखर के पास पहुंचा मासूम
बताया जाता है कि अफान अंसारी घर के आसपास खेल रहा था. इसी दौरान खेलते-खेलते वह पोखर के पास पहुंच गया. अचानक वह पानी में गिर गया और डूब गया.
कुछ देर बाद परिजनों को बच्चे के पोखर में गिरने की जानकारी मिली. इसके बाद उसे पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
पुलिस ने ली घटना की जानकारी
घटना की सूचना मिलने के बाद शिकारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली. थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मृत बच्चे की मां ने थाने में आवेदन दिया है.
आवेदन में बताया गया है कि बच्चा खेलते समय पोखर में गिर गया था, जिससे डूबने के कारण उसकी मौत हुई.
परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार
पुलिस के अनुसार, मृत बच्चे के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से स्पष्ट रूप से इनकार कर दिया है. पुलिस ने परिजनों के आवेदन के आधार पर मामले की जानकारी दर्ज कर ली है.
