नदी में नहाने उतरीं तीन बच्चियां एक साथ डूबीं, दो को बचाया; 12 साल की प्रियंका अब भी लापता

बिहार के नरकटियागंज में बड़ा हादसा हुआ है, जहां हड़बोड़ा नदी में नहाने गई तीन बच्चियों में से दो को सुरक्षित बचा लिया गया है. हालांकि, 12 साल की प्रियंका का अभी तक पता नहीं चल पाया है और उसकी तलाश जारी है.

Narkatiaganj News: शिकारपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हड़बोड़ा नदी में नहाने गई तीन बच्चियां डूब गईं. स्थानीय लोगों और गोताखोरों ने दो बच्चियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन 12 वर्षीय प्रियंका का अब तक पता नहीं चल सका है. उसकी तलाश के लिए नदी में सर्च ऑपरेशन जारी है.

घटना धूमनगर पंचायत के गदीयानी टोला के समीप हुई. इसी दौरान बच्चियों को बचाने नदी में उतरा एक स्थानीय युवक भी डूब गया. लोगों ने उसे बाहर निकाल लिया, लेकिन उसकी हालत गंभीर बताई गई है.

तीनों बच्चियां नदी में उतरीं, फिर बिगड़े हालात

जानकारी के अनुसार, मंटू राम की 12 वर्षीय बेटी प्रियंका, चंदू राम की 9 वर्षीय बेटी रानी कुमारी और तारकेश्वर राम की 8 वर्षीय बेटी रौशनी कुमारी नदी में नहाने गई थीं.

इसी दौरान तीनों पानी में डूबने लगीं. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और गोताखोर बचाव के लिए नदी में उतरे. रानी और रौशनी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन प्रियंका पानी में लापता हो गई.

बच्चियों को बचाने उतरा युवक भी डूबा

बचाव अभियान के दौरान सुखदेव राम का पुत्र रानू कुमार भी बच्चियों को बचाने के लिए नदी में उतरा. इसी दौरान वह खुद भी डूब गया.

मौके पर मौजूद लोगों ने रानू को किसी तरह नदी से बाहर निकाला. उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है.

नदी किनारे पहुंची पुलिस, SDRF को दी गई सूचना

घटना की सूचना मिलने के बाद एसआई पप्पू कुमार के नेतृत्व में शिकारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय गोताखोरों की मदद से प्रियंका की तलाश शुरू की गई.

शिकारपुर के प्रभारी थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि एसडीआरएफ को घटना की सूचना दे दी गई है. टीम के पहुंचने के बाद नदी में सर्च ऑपरेशन और तेज किया जाएगा.

अब प्रियंका की तलाश पर टिकी नजर

घटना के बाद गदीयानी टोला के बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे जुटे हैं. स्थानीय लोग और प्रशासन लापता बच्ची की तलाश में लगे हुए हैं.

फिलहाल रानी और रौशनी को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि रानू का इलाज चल रहा है. 12 वर्षीय प्रियंका की तलाश जारी है और एसडीआरएफ टीम के पहुंचने के बाद बचाव अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सतीश कुमार पांडेय ने वर्ष 2000 में जी न्यूज से पत्रकारिता की शुरुआत की. इन्होंने चर्चित दस्यु सरगनाओं की रिपोर्टिंग की. बाद में आज और दैनिक जागरण में कार्य किया. वर्ष 2016 से वें प्रभात खबर में कार्यरत हैं. इन्हें क्राइम, प्रशासनिक, राजनीतिक, सामाजिक तथा खेती-किसानी से जुड़ी खबरों में विशेष रुचि रही है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >