धान का बिचड़ा काट, दोस्तों संग नहाने गया 15 साल का छात्र, तालाब में डूबने से मौत; परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

पश्चिम चंपारण के पिड़ारी गांव में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। 15 वर्षीय छात्र छोटू कुमार की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

Mainatand Pond Accident: पश्चिम चंपारण जिले के इनरवा थाना क्षेत्र के पिड़ारी गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय छात्र छोटू कुमार की तालाब में डूबने से मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिवार में कोहराम मच गया.

छोटू पिड़ारी गांव निवासी रामजी साह का पुत्र था और लक्ष्मी नारायण उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पिड़ारी में दसवीं कक्षा का छात्र था.

खेत से लौटने के बाद दोस्तों संग गया था तालाब

परिजनों के अनुसार, छोटू सोमवार सुबह खेत में धान का बिचड़ा काटने का काम कर घर लौटा था. इसके बाद वह अपने तीन दोस्तों के साथ गांव के दुर्गा मंदिर के समीप स्थित तालाब में नहाने चला गया.

नहाने के दौरान वह अनजाने में गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा.

45 मिनट तक चला रेस्क्यू, नहीं बच सकी जान

साथियों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद छोटू को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.

होनहार छात्र की मौत से स्कूल में भी शोक

छोटू पढ़ाई में होनहार और स्वभाव से मिलनसार बताया जाता था. उसकी असमय मौत की खबर से विद्यालय में भी शोक का माहौल है.

दो भाई और दो बहनों में तीसरे स्थान पर रहे छोटू की मौत से मां बबीता देवी, बड़े भाई आकाश कुमार समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों का कहना है कि सुबह तक वह खेत में काम कर रहा था, किसी ने नहीं सोचा था कि वह कभी वापस नहीं लौटेगा.

पुलिस ने परिजनों को सौंपा शव

घटना की सूचना मिलने पर इनरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की.

थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया, जिसके बाद शव उन्हें सौंप दिया गया. घटना के बाद पूरे पिड़ारी गांव में मातम पसरा हुआ है.

यह भी पढ़ें: पहले शादी का झांसा, फिर कोर्ट मैरिज... अब 5 लाख दहेज नहीं देने पर घर से निकालने का आरोप

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Aaruni Thakur

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >