Bettiah Special Lok Adalat: सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों के त्वरित और सौहार्दपूर्ण निपटारे के लिए 21 से 23 अगस्त 2026 तक नई दिल्ली में 'समाधान समारोह-2026' के तहत विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा. इस पहल का उद्देश्य आपसी सहमति के आधार पर विवादों का समाधान कर लोगों को शीघ्र न्याय उपलब्ध कराना है.
जिला जनसंपर्क कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, यह पहल 'सहभागी न्याय' और 'न्याय की घर-घर तक पहुंच' की अवधारणा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
आपसी सहमति वाले मामलों को मिलेगी प्राथमिकता
जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पश्चिम चंपारण के सचिव अमरेंद्र कुमार राज ने बताया कि विशेष लोक अदालत में उन मामलों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिनमें दोनों पक्ष आपसी सहमति से विवाद का समाधान चाहते हैं.
उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से लंबे समय से लंबित मामलों का त्वरित और सौहार्दपूर्ण निपटारा संभव हो सकेगा.
लंबी न्यायिक प्रक्रिया से मिलेगी राहत
प्राधिकार के अनुसार, विशेष लोक अदालत के माध्यम से पक्षकारों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया से राहत मिलेगी. इससे समय और धन दोनों की बचत होगी तथा न्यायिक मामलों का शीघ्र निष्पादन संभव हो सकेगा.
अप्रैल से शुरू हुई थी पहल
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 'समाधान समारोह-2026' की शुरुआत 21 अप्रैल 2026 से देशभर में मध्यस्थता और सुलह की प्रक्रिया के रूप में की गई थी. अब इसके अगले चरण में 21 से 23 अगस्त तक विशेष लोक अदालत आयोजित की जाएगी.
पात्र पक्षकारों से की गई अपील
जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने ऐसे सभी पात्र पक्षकारों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है, जो आपसी सहमति के आधार पर अपने विवाद का समाधान चाहते हैं. प्राधिकार का कहना है कि इस पहल से न्याय प्रक्रिया अधिक सरल, तेज और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी.
