बेतिया के स्कूल में ऑपरेशन नया सवेरा 3.0 अभियान, छात्रों को साइबर सुरक्षा और मानव तस्करी के प्रति किया जागरूक

सबेया कला के राजकीय उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय में 'ऑपरेशन नया सवेरा-3.0' के तहत छात्रों को मानव तस्करी, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और नशे के दुष्परिणामों से बचाव के बारे में जागरूक किया गया. साइबर ठगी से बचने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए.

Bettiah News: चनपटिया प्रखंड के राजकीय उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, सबेया कला में सोमवार को ऑपरेशन नया सवेरा-3.0 के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को मानव तस्करी, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, बाल श्रम और नशे के दुष्प्रभावों से बचाव के बारे में जानकारी दी गई.

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संभावित अपराधों के प्रति सतर्क करना और समय रहते सही कदम उठाने के लिए जागरूक बनाना था.

साइबर ठगी से बचने के दिए आसान उपाय

एएचटीओ एवं साइबर क्राइम प्रभारी इंस्पेक्टर रविन्द्र कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल युवाओं को बड़ी परेशानी में डाल सकता है.

उन्होंने विद्यार्थियों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध ऐप डाउनलोड करने से बचने और किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी साझा नहीं करने की सलाह दी. साथ ही साइबर ठगी से सतर्क रहने का संदेश दिया.

छात्राओं को महिला सुरक्षा की दी जानकारी

महिला थाना की पुलिस अवर निरीक्षक खुशबू कुमारी ने छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े अधिकारों की जानकारी दी.

उन्होंने कहा कि छेड़छाड़ या किसी भी तरह की आपात स्थिति में बिना घबराए 112 पर कॉल करें और पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं.

मानव तस्करी और नशे के खतरे पर भी हुई चर्चा

सिरिसिया थाना के दरोगा कनैहया सिंह ने विद्यार्थियों को मानव तस्करी, बाल मजदूरी और नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया.

उन्होंने छात्रों से खेलकूद और नियमित व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की.

सोशल मीडिया पर सावधानी बरतने की सलाह

विद्यालय की शिक्षिका मेरी आडलीन ने छात्राओं को सोशल मीडिया पर निजी या आपत्तिजनक फोटो और वीडियो साझा नहीं करने की सलाह दी.

उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या की जानकारी तुरंत अपने अभिभावकों या शिक्षकों को दें.

छात्रों ने पूछे सवाल, अधिकारियों ने दिए जवाब

कार्यक्रम के अंत में आयोजित खुले प्रश्न मंच में छात्र-छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों से साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और मानव तस्करी से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने विस्तार से जवाब दिया.

इस अवसर पर पीटीसी सुभाषिनी कुमारी, गौतम कुमार, प्रधानाध्यापक धनंजय तिवारी, शिक्षक संतोष कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

गणेश ने अपनी पत्रकारिता यात्रा की शुरुआत 2014 में गोरखपुर स्थित हिंदुस्तान अखबार से की। तब से लगातार मुख्यधारा मीडिया में सक्रिय रहकर उन्होंने रिपोर्टिंग से लेकर संपादकीय दायित्वों तक का अनुभव हासिल किया है। फिलहाल वे प्रभात खबर से जुड़े हैं और पश्चिम चम्पारण जिले में बतौर ब्यूरो चीफ कार्यरत हैं।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >