बगहा में एसपी का औचक निरीक्षण, ठकराहा और नदी थाना की कार्यप्रणाली परखी, पुलिसिंग सुधारने पर जोर

बगहा के पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने ठकराहा और नदी थानों का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने लंबित मामलों की समीक्षा की और बरसात के मौसम में पुलिसिंग को बेहतर बनाने पर जोर दिया.

SP Inspection Bagaha: पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने शुक्रवार देर शाम ठकराहा और नदी थाना का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने दोनों थानों में लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए अनुसंधान में तेजी लाने और सभी कांडों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

निरीक्षण के दौरान थाना रिकॉर्ड, अभिलेखों के रखरखाव और परिसर की साफ-सफाई का भी जायजा लिया गया.

लंबित कांडों की हुई समीक्षा

एसपी ने एक-एक लंबित मामले की प्रगति की जानकारी ली और संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अनुसंधान कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए.

उन्होंने कहा कि प्रत्येक मामले का निष्पादन विधिसम्मत तरीके से तय समय-सीमा के भीतर किया जाए.

बरसात के मौसम में प्रभावी पुलिसिंग पर जोर

पुलिस अधीक्षक ने बरसात के मौसम को देखते हुए थाना स्तर पर पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए.

उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मियों से आम लोगों के साथ सौहार्दपूर्ण, संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखने को कहा. साथ ही पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने पर बल दिया.

शिकायत मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई

एसपी राजेश कुमार ने स्पष्ट कहा कि यदि किसी पुलिस पदाधिकारी या कर्मी के खिलाफ पुलिस की छवि धूमिल करने वाली शिकायत मिलती है तो उसे गंभीरता से लिया जाएगा.

उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों की नियमानुसार जांच कर दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

निरीक्षण के दौरान नदी थानाध्यक्ष दीपक कुमार प्रसाद, ठकराहा थानाध्यक्ष नरेश कुमार सहित दोनों थानों के पुलिस पदाधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

चंद्रप्रकाश आर्य वर्ष 2006 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं . उन्होंने दैनिक प्रभात खबर से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की और तभी से निष्पक्ष, तथ्यपरक तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं .वर्तमान में वे प्रभात खबर, बगहा कार्यालय में सहायक के रूप में कार्यरत हैं .सामाजिक, अपराध, राजनीति और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर उनकी विशेष पकड़ मानी जाती है .अपनी निष्पक्ष रिपोर्टिंग, तथ्य आधारित समाचारों और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने लाने के कारण उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है .

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >