Bagaha News: पश्चिम चंपारण के पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने गुरुवार देर शाम पिपरासी थाना का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए अनुसंधान में तेजी लाने और पुराने मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
एसपी ने कहा कि विवेचना की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा.
अभिलेखों और कार्यालय व्यवस्था का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना के अभिलेखों और संचिकाओं की भी जांच की.
उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के व्यवस्थित रखरखाव तथा कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए. साथ ही लंबित मामलों के निष्पादन में लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी.
बेहतर पुलिसिंग और जनसंपर्क पर दिया जोर
एसपी राजेश कुमार ने कहा कि थाना स्तर पर पुलिसिंग को अधिक प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने की जरूरत है.
उन्होंने पुलिसकर्मियों को आम लोगों के साथ सौहार्दपूर्ण, संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार करने का निर्देश दिया. साथ ही पंचायत प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत रखने पर जोर दिया.
पुलिस की छवि खराब करने वालों पर होगी कार्रवाई
एसपी ने स्पष्ट कहा कि यदि किसी पुलिस पदाधिकारी या कर्मी के खिलाफ पुलिस की छवि धूमिल करने वाली शिकायत मिलती है तो उसे गंभीरता से लिया जाएगा.
ऐसे मामलों की जांच कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को ईमानदारी, अनुशासन और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया.
थाना निरीक्षण का उद्देश्य बताया
एसपी ने कहा कि थाना निरीक्षण का उद्देश्य पुलिस कार्यों की नियमित समीक्षा, लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन, कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और आम लोगों को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराना है.
उन्होंने कहा कि हर थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के साथ जनता का विश्वास जीतना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
निरीक्षण के दौरान पिपरासी थानाध्यक्ष राजीव कुमार शर्मा सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे.
