परबतिया टोला में जलजमाव की समस्या दूर, महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने मौके पर पहुंचकर कराई निकासी

बेतिया के परबतिया टोला में जलजमाव की समस्या के समाधान के लिए महापौर गरिमा देवी सिकारिया मौके पर पहुंचीं. उन्होंने स्थानीय लोगों से आपसी सहयोग की अपील की, जिसके बाद जल निकासी व्यवस्था बहाल की गई.

Bettiah Waterlogging: नगर निगम के नवअधिग्रहित वार्ड संख्या 40 स्थित परबतिया टोला में बारिश के बाद जलजमाव की समस्या सामने आने पर महापौर गरिमा देवी सिकारिया शनिवार को स्वयं मौके पर पहुंचीं. उन्होंने कनीय अभियंता रविंद्र कुमार के साथ क्षेत्र का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया.

निरीक्षण के बाद तत्काल जल निकासी बहाल कराने के निर्देश दिए गए, जिससे स्थानीय लोगों को राहत मिली.


आखिर क्यों भर गया था पानी?

महापौर ने बताया कि पूर्ववर्ती ग्राम पंचायत के समय बने खंडित कच्चे नाले और स्थानीय लोगों के बीच आपसी सहमति नहीं बनने के कारण करीब 200 फीट क्षेत्र में जल निकासी पूरी तरह बाधित हो गई थी.

इसके चलते बारिश का पानी मोहल्ले में जमा हो गया था. लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही थी और जलजमाव के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई थी. बच्चों को भी आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था.

पहली कोशिश नहीं हुई सफल

समस्या की गंभीरता को देखते हुए महापौर ने सफाई निरीक्षक को तत्काल जल निकासी की व्यवस्था बहाल करने का निर्देश दिया था.

हालांकि, स्थानीय स्तर पर आपसी मतभेद के कारण पहले दिन समाधान नहीं हो सका. इसके बाद महापौर दोबारा मौके पर पहुंचीं और लोगों से बातचीत कर सहयोग और समन्वय की अपील की.

लोगों की सहमति से बहाल हुई जल निकासी

महापौर की पहल के बाद स्थानीय लोगों की सहमति बनी और तत्काल कच्चा नाला कटवाकर जल निकासी की व्यवस्था बहाल कर दी गई.

जल निकासी शुरू होते ही मोहल्ले में जमा पानी निकलने लगा और लोगों को राहत मिली.

बरसात के बाद बनेगा पक्का नाला

महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने कहा कि छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए केवल सरकारी व्यवस्था पर निर्भर रहने के बजाय नागरिकों को भी आपसी सहयोग की भावना से आगे आना चाहिए.

उन्होंने बताया कि बरसात समाप्त होने के बाद क्षेत्र में पक्का नाला निर्माण सहित स्थायी जल निकासी व्यवस्था विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा.

महापौर के त्वरित हस्तक्षेप और समस्या के समाधान पर स्थानीय लोगों ने संतोष जताया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Madhukar mishra

मधुकर मिश्र ने 1986 में आकाश मार्ग हिंदी दैनिक देवरिया उत्तर प्रदेश से पत्रकारिता की शुरुआत की थी. इसके बाद में दिल्ली और पटना से एक साथ प्रकाशित संध्या प्रहरी, आज, नवभारत टाइम्स में कार्य किए. इस क्रम में पश्चिम चंपारण जिला मुख्यालय बेतिया में दैनिक जागरण के ब्यूरो चीफ रह चुके हैं. वर्तमान में बेतिया प्रभात खबर हिंदी दैनिक सह मल्टीमीडिया कार्यालय से जुड़कर कार्य कर रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >