West Champaran News: मैनाटांड़ थाना क्षेत्र में मानपुर पुलिस ने गश्ती के दौरान कार्रवाई करते हुए नेपाल से तस्करी कर लाई जा रही 24 लीटर नेपाली शराब बरामद की है. पुलिस टीम को देखते ही दो बाइक सवार संदिग्ध बोरा सड़क किनारे फेंककर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए. पुलिस ने शराब जब्त कर अज्ञात तस्करों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
Mainatand News: गुप्त सूचना पर दोहरम नदी की ओर जा रही थी पुलिस
थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि पुलिस टीम गश्ती के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर दोहरम नदी की ओर जा रही थी. इसी दौरान भतजुला की तरफ से दो लोग मोटरसाइकिल पर उजले रंग का बोरा लेकर आते दिखाई दिए.
पुलिस वाहन देखते ही बोरा छोड़कर भागे
पुलिस टीम की गाड़ी दिखाई देते ही दोनों बाइक सवारों ने सड़क किनारे पेड़ के पास बोरा फेंक दिया और तेजी से भागने लगे. पुलिस ने उनका पीछा भी किया, लेकिन अंधेरा अधिक होने के कारण दोनों की पहचान नहीं हो सकी.
बोरे से मिली 80 बोतल नेपाली शराब
संदिग्ध बोरे की तलाशी लेने पर उसमें कस्तूरी ब्रांड की 300 एमएल की 80 बोतलें मिलीं. पुलिस के अनुसार बरामद शराब की कुल मात्रा 24 लीटर है. शराब को जब्त कर लिया गया है.
अज्ञात तस्करों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
मानपुर पुलिस ने बरामद शराब के आधार पर अज्ञात तस्करों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस अब फरार दोनों बाइक सवारों की पहचान करने का प्रयास कर रही है.
तस्करों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि शराब की खेप नेपाल से कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था. संभावित तस्करों की पहचान के लिए पुलिस सूचना तंत्र को भी सक्रिय कर रही है.
यह भी पढ़ें: सुबह बहन से हुई थी फोन पर बात, कुछ घंटे बाद मिली मौत की खबर, विवाहिता की संदिग्ध मौत पर उठे सवाल
