West Champaran News: रामनगर थाना परिसर में शनिवार को श्रावण मास और चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता अजीत कुमार ने की, जबकि संचालन राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक औबेदुर्रहमान ने किया. बैठक में पर्वों के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.
Ramnagar News: पर्वों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा
बैठक में श्रावण मास में शिवालयों और प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा हुई. प्रशासन की ओर से पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर सहमति बनी.
वहीं चेहल्लुम पर्व को आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई. बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया.
चेहल्लुम जुलूस के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य
प्रभारी थानाध्यक्ष पंकज सिंह ने कहा कि चेहल्लुम पर्व के दौरान निकलने वाले जुलूस के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा. उन्होंने कहा कि बिना अनुमति किसी भी जुलूस की अनुमति नहीं दी जाएगी.
उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की. उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी और शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
साफ-सफाई और जलजमाव का मुद्दा उठा
बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने नगर क्षेत्र में नियमित सफाई व्यवस्था, जलजमाव की समस्या और अन्य जन सुविधाओं से जुड़े मुद्दे भी उठाए. प्रशासन ने पर्व के दौरान बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया.
थानाध्यक्ष ने मिट-मछली की दुकानों को पर्व के समय बंद कराने का आश्वासन दिया और सभी लोगों से आपसी सहयोग बनाए रखने की अपील की.
संवेदनशील स्थानों पर रहेगी पुलिस की नजर
प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि पर्वों के दौरान प्रमुख स्थानों पर पुलिस पदाधिकारी और जवान तैनात रहेंगे. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो.
यह भी पढ़ें: मैनाटांड़ पुलिस अंचल की अपराध समीक्षा बैठक, शराब तस्करों पर कार्रवाई तेज करने का निर्देश
