गन्ना खरीद में घटतौली, पोचिंग और बिचौलियों की संलिप्तता स्वीकार नहीं, किसानों का हित सर्वोपरि

पेराई सत्र 2025-26 की व्यापक तैयारियों की समीक्षा के उद्देश्य से डीएम धर्मेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई.

बेतिया. पेराई सत्र 2025-26 की व्यापक तैयारियों की समीक्षा के उद्देश्य से डीएम धर्मेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई. बैठक में जिले के सभी ईंख पदाधिकारियों, चीनी मिल प्रबंधकों, किसान प्रतिनिधियों, परिवहन व माप-तौल विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया. बेतिया अंचल के ईंख पदाधिकारी ने रेमन्त झा ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से अब तक की गई तैयारियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया. उन्होंने मिलों की पेराई क्षमता, किसानों द्वारा पंजीकरण, पथ क्रय केन्द्रों की वर्तमान स्थिति, तौल व्यवस्था, परिवहन प्रबंधन, कैलेंडर वितरण तथा सट्टा नीति के अनुपालन जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जिला पदाधिकारी को अवगत कराया. प्रस्तुति के बाद जिला पदाधिकारी ने अलग-अलग विभागों के अधिकारियों और मिल प्रबंधकों से तैयारी की स्थिति के बारे में विस्तार से सवाल पूछे और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. डीएम ने सट्टा नीति का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए. सभी चीनी मिलें विभागीय निर्देशों के अनुरूप पेराई कैलेंडर तैयार करें और उसे किसानों के बीच समय पर वितरित करें, ताकि गन्ना आपूर्ति में किसी प्रकार की असुविधा न हो. उन्होंने स्पष्ट किया कि चालान निर्गमन पूर्ण रूप से पारदर्शी हो और सभी मिलें समानुपातिक तरीके से चालान जारी करें. उन्होंने निर्देश दिया कि पेराई सत्र प्रारंभ होने से पहले सभी पथ क्रय केन्द्रों की स्थापना हर स्थिति में पूरी कर ली जाए. उन्होंने कहा कि गन्ने की पोचिंग किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है, और ऐसा करते पाए जाने पर संबंधित चीनी मिल के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन किसानों के हितों के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है और गन्ने का समुचित निष्पादन तथा ईंख मूल्य का समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा. ————————- घटतौली पर निगरानी डीएम ने एसडीएम नरकटियागंज व बगहा को गन्ना खरीद में सही वजन सुनिश्चित करने और घटतौली रोकने का निर्देश दिया है. बिचौलियों की भूमिका पर रोक लगाते हुए तौल सेतुओं की प्रत्येक 15 दिन में जांच करने के आदेश दिए गए हैं तथा गड़बड़ी या संलिप्तता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है. —— अतिक्रमण हटाने व ओवरलोडिंग रोकने के निर्देश पेराई सत्र के दौरान यातायात सुचारू रखने के लिए अतिक्रमित सड़कों से अतिक्रमण हटाने और ओवरलोडिंग पर प्रभावी रोक लगाने को कहा गया है. यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए मिलों से आवश्यकतानुसार वॉलंटियर्स उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया गया है. —— आरक्षित क्षेत्र का सख्ती से पालन यूपी-बिहार सीमा पर निगरानी कड़ी कर आरक्षित क्षेत्र के बाहर का गन्ना खरीदने पर पूर्ण रोक लगाई गई है. उल्लंघन पर एफआईआर दर्ज करने की चेतावनी दी गई है. साथ ही किसानों से मिश्रित प्रभेद का गन्ना नहीं देने की अपील की गई है. ——— यह अधिकारी, मिल प्रतिनिधि व किसान रहे मौजूद मौके पर एसडीएम बगहा गौरव कुमार, एसडीएम नरकटियागंज सूर्य प्रकाश गुप्ता, सभी डीएसपी, ईंख पदाधिकारी बेतिया अंचल रेमन्त झा, रामनगर अंचल श्रीराम सिंह, सहायक निदेशक ईंख विकास बगहा अरविन्द कुमार, बेतिया रामईश्वर प्रसाद, निरीक्षक माप-तौल अजय कुमार एवं हरिकिशोर द्विवेदी, चीनी मिल प्रतिनिधि बीएन त्रिपाठी, केएस ढाका, केपी सिंह, विनोद राठी, शैलेन्द्र कुमार तथा किसान प्रतिनिधि लालबाबू यादव, छोटे श्रीवास्तव, संजय कुमार, श्री विद्याचरण शुक्ल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SATISH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >