Mahaviri Festival: नरकटियागंज. नगर के शिवगंज महावीरी अखाड़ा कमेटी की ओर से रविवार को महावीरी अखाड़ा के अवसर पर भव्य झांकी निकाली गयी. 44 वर्षों से चली आ रही परंपरा को इस वर्ष भी उत्साह और धूमधाम के साथ निभाया गया. झांकी में देवी-देवताओं के आकर्षक स्वरूप के साथ नगर की ज्वलंत समस्याओं को सामाजिक संदेश के रूप में प्रस्तुत किया गया. भारी बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं और कमेटी के सदस्यों का उत्साह कम नहीं हुआ. कलाकारों को छाता लगाकर झांकी में शामिल किया गया.
देवी-देवताओं के स्वरूप ने मोहा मन
झांकी में भगवान हनुमान, भगवान राम, लक्ष्मण व माता सीता, भगवान शंकर-पार्वती, नंदी बैल, शेर पर सवार मां दुर्गा तथा राधा-कृष्ण के स्वरूप में कलाकार शामिल हुए. वहीं राक्षस और भिखारी के रूप में कलाकारों ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया. झांकी में अनुमंडलीय अस्पताल से मरीजों को रेफर किए जाने की समस्या तथा आरओबी पर खराब और बंद पड़ी लाइटों को प्रदर्शित कर प्रशासन और संबंधित विभाग का ध्यान नगर की समस्याओं की ओर खींचने का प्रयास किया गया.
44 वर्षों से जारी है परंपरा
महावीरी अखाड़ा कमेटी के अध्यक्ष सुरेंद्र तिवारी ने बताया कि शिवगंज महावीरी अखाड़ा कमेटी की ओर से पिछले 44 वर्षों से लगातार झांकी निकाली जा रही है. प्रत्येक वर्ष धार्मिक स्वरूप के साथ सामाजिक संदेश देने का प्रयास किया जाता है. इस बार भी नगर की प्रमुख समस्याओं को झांकी के माध्यम से लोगों के सामने रखा गया. उन्होंने कहा कि बारिश के बावजूद कमेटी और कलाकारों का उत्साह बना रहा.
हजारों लोग बने झांकी के गवाह
झांकी नगर के कृषि बाजार प्रांगण से निकली और मुख्य बाजार समेत प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुन: शिवगंज अखाड़ा परिसर पहुंचकर समाप्त हुई. रास्ते में जगह-जगह लोगों की भीड़ उमड़ी रही. बारिश के बीच भी हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर निकले और झांकी का आनंद लिया. इस दौरान लोग लगातार भारत माता की जय के नारे लगाते रहे.
फ्लैग मार्च के बाद निकली झांकी, ड्रोन से निगरानी
महावीरी अखाड़ा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा. झांकी से पहले शिकारपुर पुलिस ने फ्लैग मार्च निकालकर लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने की अपील की. झांकी के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से ड्रोन कैमरे से निगरानी की गयी. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल की भी तैनाती रही. बारिश के बावजूद झांकी शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई.