Satyagrah Express: दिल्ली से रक्सौल जा रही सत्याग्रह एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 15274) पर शुक्रवार को असामाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया. घटना में एसी कोच की खिड़की का शीशा टूट गया. हालांकि, इस दौरान किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है.
जानकारी के अनुसार, सत्याग्रह एक्सप्रेस साठी स्टेशन से आगे बढ़ी ही थी कि कुछ दूरी पर ट्रेन की एक एसी बोगी पर अचानक पत्थर फेंका गया. तेज आवाज के साथ शीशा टूटने से कोच में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. यात्री अपनी सुरक्षा के लिए अपनी सीटों से हट गए. राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ.
बेतिया स्टेशन पर रोकी गई ट्रेन, आरपीएफ ने की जांच
घटना की सूचना मिलते ही नरकटियागंज रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) सक्रिय हो गया. ट्रेन के बेतिया स्टेशन पहुंचने पर उसे रोककर प्रभावित एसी कोच का निरीक्षण किया गया. आरपीएफ अधिकारियों ने यात्रियों से घटना की जानकारी ली और जांच पूरी होने के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया.
पथराव करने वालों की तलाश में जुटी आरपीएफ
आरपीएफ पोस्ट कमांडर ऋतुराज कश्यप ने बताया कि साठी स्टेशन के आगे ट्रेन पर पथराव की सूचना मिली थी. सूचना मिलने के बाद बेतिया स्टेशन पर ट्रेन की जांच की गई. घटना में एसी कोच का शीशा क्षतिग्रस्त हुआ है. मामले की जांच की जा रही है और पथराव करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
