Bihar Education News: शिक्षा विभाग ने विद्यालयों के संचालन समय में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए शनिवार को सभी सरकारी एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों में "हाफ डे" व्यवस्था लागू करने का आदेश जारी किया है. माध्यमिक शिक्षा निदेशक द्वारा गुरुवार को जारी निर्देश के अनुसार सोमवार से शुक्रवार तक विद्यालय पूर्ववत सुबह 9:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक संचालित होंगे, जबकि शनिवार को विद्यालय केवल दोपहर 1:00 बजे तक खुलेंगे.
शनिवार को दोपहर 1 बजे तक चलेगी शैक्षणिक गतिविधियां
शिक्षा विभाग के आदेश के अनुसार कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों की पढ़ाई एवं अन्य गतिविधियां शनिवार को दोपहर 12:00 बजे तक संचालित होंगी. इसके बाद 12:00 बजे से 12:40 बजे तक मध्याह्न भोजन कराया जाएगा तथा भोजन के बाद छात्र-छात्राओं की छुट्टी कर दी जाएगी. माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में भी शनिवार को दोपहर 1:00 बजे तक ही शैक्षणिक गतिविधियां संचालित होंगी.
शिक्षक तुरंत विद्यालय नहीं छोड़ेंगे
विभाग ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की छुट्टी के बाद शिक्षक एवं शिक्षिकाएं तत्काल विद्यालय नहीं छोड़ेंगे. उन्हें अगले सप्ताह की पाठ योजना तैयार करने, उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन, शिक्षक डायरी अद्यतन करने, गृहकार्य की जांच, प्रयोगशाला प्रबंधन तथा आवश्यक रिमेडियल कक्षाओं सहित अन्य शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा.
शिक्षक संघ ने फैसले का किया स्वागत
बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नर्वोदय ठाकुर ने नई व्यवस्था का स्वागत करते हुए कहा कि प्रत्येक शनिवार को हाफ डे व्यवस्था लागू होने से दूर-दराज के विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं को समय पर घर लौटने में सुविधा होगी. इससे वे रविवार की छुट्टी का बेहतर उपयोग भी कर सकेंगे.
नई व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू
शिक्षा विभाग के अनुसार विद्यालय संचालन की नई समय-सारिणी सभी सरकारी एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों में लागू होगी. संबंधित अधिकारियों को आदेश का पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है.
यह भी पढ़ें: योगापट्टी में बाढ़ से सड़क डूबी, ग्रामीणों ने चंदा और श्रमदान से बनाया चचरी पुल
