नेपाल से लौट रहे श्रद्धालु नदी में फंसे, सहोदरा के युवाओं ने दिखाई बहादुरी

सहोदरा के आधा दर्जन युवाओं ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए तमसा नदी के तेज बहाव में फंसे 11 श्रद्धालुओं की जान बचाई. नेपाल स्थित वाल्मीकि आश्रम से लौट रहे ये श्रद्धालु नदी पार करते समय फंस गए थे.

West Champaran News: नेपाल स्थित पवित्र वाल्मीकि आश्रम से दर्शन कर लौट रहे 11 श्रद्धालुओं की जान सोमवार सुबह तमसा नदी के तेज बहाव में फंसने से संकट में पड़ गई. श्रद्धालुओं की चीख-पुकार सुनकर सहोदरा क्षेत्र के आधा दर्जन युवकों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए नदी में मानव श्रृंखला बनाई और सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. युवकों की इस बहादुरी की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है.

Valmikinagar News: दर्शन कर लौटते समय नदी में फंसे श्रद्धालु

जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले के पनियारा क्षेत्र से राम आशीष सिंह के नेतृत्व में 11 श्रद्धालुओं का दल नेपाल स्थित वाल्मीकि आश्रम में दर्शन-पूजन के लिए गया था. वापसी के दौरान लगातार बारिश से उफान पर बह रही तमसा नदी पार करते समय तेज बहाव के कारण सभी श्रद्धालुओं का संतुलन बिगड़ गया और वे नदी की धारा में फंस गए.

युवाओं ने मानव श्रृंखला बनाकर बचाई जान

श्रद्धालुओं की चीख-पुकार सुनकर वाल्मीकि आश्रम से लौट रहे सहोदरा क्षेत्र के कुछ युवकों ने बिना देर किए नदी में उतरकर मानव श्रृंखला बनाई. इसके बाद एक-एक कर सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. युवकों की सूझबूझ और साहस से एक बड़ा हादसा टल गया.

तीन बच्चे समेत 11 श्रद्धालु सुरक्षित

रेस्क्यू किए गए श्रद्धालुओं में तीन पुरुष, पांच महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं. सुरक्षित बाहर आने के बाद सभी श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली और उन्हें बचाने वाले युवकों के प्रति आभार व्यक्त किया. श्रद्धालुओं ने कहा कि समय पर मदद नहीं मिलती तो बड़ी जनहानि हो सकती थी.

युवाओं की बहादुरी की हो रही सराहना

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने युवकों की बहादुरी और मानवता की भावना की मुक्तकंठ से प्रशंसा की. लोगों ने कहा कि संकट की घड़ी में अपनी जान की परवाह किए बिना दूसरों की जान बचाना समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है.

लगातार बारिश से बढ़ा तमसा नदी का जलस्तर

लगातार हो रही बारिश के कारण तमसा नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है. स्थानीय लोगों ने नदी पार करने वाले श्रद्धालुओं और ग्रामीणों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है.

यह भी पढ़ें: सावन की पहली सोमवारी पर सागर पोखरा शिव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, भक्तों ने किया जलाभिषेक


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >