नेपाल से भटककर पहुंचा गैंडा, ड्रोन ने खोजी लोकेशन, गांव में दहशत का माहौल

नेपाल के जंगल से भटककर मैनाटांड़ के एक गांव में पहुंचा गैंडा, जिसने गन्ने के खेत में घुसकर ग्रामीणों में दहशत फैला दी. एक किसान पर जानलेवा हमला करने की कोशिश के बाद हड़कंप मच गया. सुरक्षा बलों और वन विभाग की टीम ने ड्रोन की मदद से गैंडे की लोकेशन का पता लगाया और उसे सुरक्षित निकालने के प्रयास जारी हैं.

West Champaran News: नेपाल के जंगल से भटककर गुरुवार को मैनाटांड़ प्रखंड के इनरवा थाना क्षेत्र स्थित देवीगंज रामजानकी मंदिर के समीप एक गैंडा गन्ने के खेत में पहुंच गया. खेत में गैंडा दिखाई देने के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई. सुबह करीब आठ बजे खेत में काम करने पहुंचे रामबहादुर यादव पर गैंडे ने हमला करने की कोशिश की, लेकिन किसान के शोर मचाने और आसपास मौजूद लोगों के हो-हल्ला करने पर गैंडा गन्ने के खेत में चला गया.

Mainatand News: किसान पर हमले की कोशिश, बाल-बाल बचे

इनरवा निवासी फेकू यादव के 45 वर्षीय पुत्र रामबहादुर यादव सुबह खेत में काम करने पहुंचे थे. इसी दौरान उनकी नजर गैंडे पर पड़ी. गैंडे ने उनकी ओर बढ़कर हमला करने का प्रयास किया. रामबहादुर ने शोर मचाया तो आसपास खेतों में काम कर रहे लोग भी आवाज लगाने लगे. लोगों के शोर से गैंडा वापस गन्ने के खेत में चला गया और किसान बाल-बाल बच गए.

एसएसबी और पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की

ग्रामीणों की सूचना पर इनरवा पुलिस और एसएसबी की टीम मौके पर पहुंची. सुरक्षा को देखते हुए इलाके की घेराबंदी कर ग्रामीणों को खेत की ओर जाने से रोक दिया गया. इनरवा थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर डटे रहे.

ड्रोन से ट्रैक की गई गैंडे की लोकेशन

नगरदेही एसएसबी कैंप के जवानों ने ड्रोन कैमरे की मदद से गन्ने के खेत में छिपे गैंडे की लोकेशन ट्रैक की. एसएसबी 44वीं बटालियन नगरदेही कैंप के हवलदार नंदकिशोर कुशवाहा, एसओजी टीम के दीपक कुमार समेत अन्य जवानों ने मौके पर निगरानी बनाए रखी.

वन विभाग की टीम रेस्क्यू में जुटी

घटना की सूचना मिलने के बाद मंगूराहा वन क्षेत्र के रेंजर पंकज कुमार के नेतृत्व में फॉरेस्टर विद्यासागर, वनरक्षी मनीष कुमार समेत वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. रेंजर ने बताया कि गैंडा नेपाल से भटककर भारतीय क्षेत्र में आया है. नेपाल वन विभाग को भी सूचना देकर टीम को बुलाया गया है.

फोटो - इनरवा में खेत में फसल चरता नेपाल से भटककर पहुंचा गैंडा, रेस्क्यू में जुटी नेपाली व भारतीय वन विभाग की टीम | Prabhat Khabar Network

रेस्क्यू के दौरान नेपाली वनकर्मी घायल

गैंडे को सुरक्षित पकड़ने के प्रयास के दौरान नेपाली वनकर्मी एन बहादुर बस्नेत गैंडे के हमले में घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए नेपाल पुलिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वन विभाग की टीम फिलहाल गैंडे की लगातार निगरानी कर रही है.

गैंडे को सुरक्षित नेपाल भेजने की तैयारी

वन विभाग और नेपाली वनकर्मियों की ओर से गैंडे को सुरक्षित तरीके से पकड़कर वापस नेपाल भेजने का प्रयास किया जा रहा है. इस बीच गन्ने के खेत में गैंडा छिपे होने के कारण किसान खेतों में जाने से बच रहे हैं. ग्रामीणों से भी अपील की गई है कि वे गैंडे के आसपास जाने या उसे उकसाने की कोशिश न करें.

यह भी पढ़ें: मेस में रोटी को लेकर हुआ विवाद, अचानक गर्म तेल से झुलसीं 3 छात्राएं, जानें पूरा मामला


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >