बगहा क्राइम: पश्चिमी चंपारण जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के मुंडला गांव में गुरुवार को दिनदहाड़े 35 वर्षीय युवक की हत्या कर शव उसके घर के दरवाजे पर फेंक दिए जाने से सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान मुंडला गांव निवासी हरिंदर यादव के पुत्र ओम यादव के रूप में हुई है. घटना के बाद गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
घर से बुलाकर ले जाने का आरोप
मृतक के मामा अर्जुन यादव ने आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश और विवाद को लेकर मुकंदर यादव, नन्हक यादव और दीपू यादव ओम यादव को उसके घर से बुलाकर अपने साथ ले गये थे. परिजनों का आरोप है कि इसके बाद तीनों ने मिलकर ओम की हत्या कर दी.
आरोप है कि हत्या के बाद शव को ओम के घर के दरवाजे पर लाकर फेंक दिया गया. इसके बाद तीनों वहां से फरार हो गये. हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह और घटना में आरोपितों की भूमिका पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
दरवाजे पर शव देखकर मचा कोहराम
परिजनों के अनुसार, घर के बाहर शव पड़ा देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गये. कुछ ही देर में घटना की खबर पूरे गांव में फैल गयी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गये. परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया.
परिजनों ने पुरानी रंजिश को हत्या की वजह बताते हुए आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि ओम को घर से बुलाकर ले जाने के बाद उसकी हत्या की गयी और शव घर के बाहर फेंक दिया गया.
न्यायालय में भी चल रहा विवाद
घटना की सूचना मिलने पर रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, बगहा भेज दिया. पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की.
रामनगर थानाध्यक्ष के अनुसार, मृतक और आरोपित पक्ष के बीच पहले से विवाद चल रहा था और यह मामला न्यायालय में भी विचाराधीन है. पुलिस इसी विवाद समेत अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पुलिस ने घटना में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल दिनदहाड़े हुई इस घटना को लेकर इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है.
यह भी पढे़ं: बेतिया: सागर पोखरा मंदिर में भक्तों की भारी भीड़, भोलेनाथ के जयघोष से गूंजा परिसर
