बेतिया: भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का पावन पर्व जन्माष्टमी रामनगर में श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया. पर्व को लेकर नगर में दिनभर चहल-पहल रही. शाम ढलते ही मंदिर परिसर रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों की सजावट से जगमगा उठे. विभिन्न मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन, संकीर्तन और आरती का आयोजन किया गया.
पंचायती मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
नगर के पंचायती मंदिर में भगवान राधा-कृष्ण के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. भक्तों ने दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की. मंदिर के समीप छोटे-छोटे बच्चे और बच्चियां राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा में नजर आए.
नन्हे कृष्ण और राधा के रूप में सजे बच्चों की मासूम अदाओं ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया. बच्चे पूरे आयोजन के दौरान आकर्षण का केंद्र बने रहे.
आरूषी विद्या निकेतन में बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुति
मुजरा गांव स्थित आरूषी विद्या निकेतन में जन्माष्टमी के अवसर पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. विद्यालय के बच्चों ने राधा-कृष्ण की वेशभूषा धारण कर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं. बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया.
कार्यक्रम में शिक्षा पदाधिकारी सह आरओ कुंदन कुमार भी पहुंचे. उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी प्रस्तुतियों की सराहना की.
फूलों और विद्युत झालरों से जगमगाए मंदिर
जन्माष्टमी को लेकर नगर के राजशिव मंदिर प्रांगण, दुर्गा मंदिर, राम जानकी मंदिर, लक्ष्मी नारायण मंदिर, पंचायती मंदिर, पंचमुखी हनुमान मंदिर तथा सबुनी रोड स्थित केशरी नंदन मंदिर समेत अन्य धार्मिक स्थलों पर विशेष सजावट की गई.
फूलों, विद्युत झालरों और आकर्षक रोशनी से मंदिरों की भव्यता देखते ही बन रही थी. मंदिरों से बज रहे कृष्ण जन्मोत्सव के गीतों और भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा. संध्या समय भजन-कीर्तन और गीत-संगीत कार्यक्रम भी आयोजित किए गए.
महाभिषेक और आरती में शामिल हुए श्रद्धालु
जन्माष्टमी के अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण का विशेष महाभिषेक, पूजा और आरती की. मंदिरों में देर तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही. पूरे नगर में उत्सव और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला.
पंचायती मंदिर में पुजारी जीवन पांडेय और शत्रुघ्न चौबे ने श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया.
केला इमरती की दुकानों पर रही भीड़
जन्माष्टमी को लेकर मिठाई की दुकानों पर भी अच्छी भीड़ देखी गई. खासकर केला इमरती की मांग रही. थाना रोड स्थित प्रमोद स्वीट और केक पैलेस में सबसे अधिक बिक्री होने की बात बतायी गयी.
सुरक्षा को लेकर मंदिरों और चौक-चौराहों पर पुलिस तैनात
पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए एसडीपीओ सत्येंद्र राम के निर्देश पर विभिन्न मंदिरों और प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस अधिकारी एवं जवान तैनात रहे. पुलिस बल लगातार गश्त करता रहा और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखी.
