राष्ट्रीय खेल दिवस सप्ताह में भाग लेते छात्र, फोटो- प्रभात खबर

बेतिया कॉलेज में राष्ट्रीय खेल दिवस सप्ताह का समापन, अभयानंद-अंशु-रूपा बने बेस्ट एथलीट

राम लखन सिंह यादव महाविद्यालय में खेल सप्ताह के समापन पर खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया. एथलेटिक्स, शतरंज, टेबल टेनिस और फुटबॉल समेत कई स्पर्धाओं में विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया. मैत्री फुटबॉल मैच में दोनों कॉलेज संयुक्त विजेता रहे.

बेतिया खेल दिवस: राम लखन सिंह यादव महाविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय खेल दिवस सप्ताह 2026 का सोमवार को समापन हुआ. इस मौके पर महाविद्यालय खेल प्रतियोगिता-2026 के विजेताओं और प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया. विभिन्न खेल स्पर्धाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाणपत्र देकर पुरस्कृत किया गया.

29 अगस्त से तीन सितंबर तक हुईं प्रतियोगिताएं

महाविद्यालय के खेल पदाधिकारी सह सहायक आचार्य अजय पासवान ने बताया कि 29 अगस्त से तीन सितंबर तक विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया था. इसके अलावा एनएसएस की ओर से स्वतंत्रता दिवस समारोह और नशा मुक्ति भारत अभियान के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को भी समापन समारोह में सम्मानित किया गया.

समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अभय कुमार ने की.

अभयानंद, अंशु और रूपा बने बेस्ट एथलीट

बालक वर्ग में अभयानंद कुमार तथा बालिका वर्ग में अंशु कुमारी और रूपा कुमारी को बेस्ट एथलीट का पुरस्कार मिला. विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया.

भाला, गोला और चक्का फेंक के साथ 100, 200, 400, 800 और 1600 मीटर दौड़ तथा लंबी कूद में खिलाड़ियों ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल किया. शतरंज में राजकुमार और टेबल टेनिस में राधाकृष्ण प्रथम रहे.

फुटबॉल मैच में दोनों टीमें संयुक्त विजेता

राम लखन सिंह यादव महाविद्यालय और टीपी वर्मा महाविद्यालय के खिलाड़ियों के बीच मैत्री फुटबॉल मैच भी हुआ. रोमांचक मुकाबले के बाद दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया गया.

वहीं, शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मियों के बीच क्रिकेट मैच आयोजित हुआ. इसकी विजेता ट्रॉफी कुणाल किशोर को प्रदान की गई.

प्राचार्य बोले- खेल से बढ़ता है आत्मविश्वास

प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अभय कुमार ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करते हैं. स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ विचार पनपते हैं. इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी को पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों से भी जुड़ना चाहिए.

आयोजन में योगदान देने वालों को भी सम्मान

खेल प्रतियोगिता के सफल आयोजन में योगदान के लिए खेल प्रभारी सहायक आचार्य अजय पासवान को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया. डॉ. सौरभ रंजन, डॉ. धनंजय पाण्डेय, डॉ. रामचंद्र पासवान, डॉ. संजीव कुमार और डॉ. सैफुल्लाह को भी आयोजन में योगदान के लिए सम्मान मिला.

खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए खेल प्रभारी की ओर से प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अभय कुमार को मोमेंटो दिया गया. पीटीआई कुणाल किशोर को भी सम्मानित किया गया. खेल सप्ताह के सफल आयोजन में महाविद्यालय के शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मियों की सक्रिय सहभागिता रही.

यह भी पढे़ं:

अभी-अभी : मैनाटांड़-बेतिया मुख्य पथ पर पलटी बस, छह यात्री घायल

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रवि 'रंक'

90 के दशक में विद्यार्थी जीवन से ही रवि 'रंक' के आलेख, निबंध, संस्मरण और कविताएं क्षेत्रीय पत्र पत्रिकाओं के लिए लिखते रहे हैं. हिंदी विषय में स्नातकोत्तर योग्यताधारी रवि 'रंक' ने दैनिक हिंदुस्तान के पटना से प्रकाशित उत्तर बिहार संस्करण के साथ जनवरी 2001 से अपनी पत्रकारिता शुरु की. फरवरी 2020 में हिंदुस्तान से अलग होकर प्रभात खबर के पश्चिम चंपारण संस्करण में बतौर जिला मुख्यालय संवाददाता के रूप में पदस्थापित हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >