West Champaran News: रामनगर प्रखंड के सुदूरवर्ती दोन क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. नदियों का जलस्तर बढ़ने से कई संपर्क मार्ग जलमग्न हो गए हैं. नौरंगिया दोन पंचायत के बैरिया-खुदी नदी पर चार फीट से अधिक पानी बहने से सड़क पूरी तरह डूब गई है. वहीं बैरिया गांव में सुरक्षा बांध का एक हिस्सा टूटने से बाढ़ का खतरा और गहरा गया है. प्रशासनिक सहायता नहीं मिलने पर ग्रामीण खुद श्रमदान कर बांध की मरम्मत में जुटे हैं.
Ramnagar News: चार फीट पानी से सड़क डूबी, आवागमन प्रभावित
नौरंगिया दोन पंचायत के बैरिया-खुदी नदी पर चार फीट से अधिक पानी बहने से सड़क जलमग्न हो गई है. कमर तक पानी होने के कारण लोगों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है. लगातार बारिश से क्षेत्र के कई संपर्क मार्ग प्रभावित हो गए हैं.
बांध टूटने के बाद ग्रामीण खुद कर रहे मरम्मत
बैरिया गांव में तेज बहाव के कारण सुरक्षा बांध का एक हिस्सा टूट गया. इससे गांव पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है. दिलराम महतो, भोजराज महतो, चन्द्रिका महतो सहित 50 से अधिक ग्रामीण श्रमदान कर मिट्टी और बालू की बोरियों से बांध की मरम्मत में जुटे हैं, ताकि संभावित बाढ़ से गांव को बचाया जा सके.
खेतों में भरने लगा पानी, फसलों पर संकट
ग्रामीणों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण खेतों में पानी भरने लगा है. इससे फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है. लोगों का कहना है कि हर वर्ष बरसात में यही समस्या सामने आती है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया.
मरीजों और स्कूली बच्चों को हो रही परेशानी
नौरंगिया पंचायत के मुखिया गौरीशंकर प्रसाद ने बताया कि नदी उफान पर आते ही पंचायत का प्रखंड मुख्यालय से संपर्क लगभग टूट जाता है. सबसे अधिक परेशानी बीमार मरीजों, गर्भवती महिलाओं, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को होती है. आपात स्थिति में समय पर इलाज मिलना भी मुश्किल हो जाता है.
ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई गुहार
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार से क्षतिग्रस्त बांध की तत्काल तकनीकी मरम्मत और जलमग्न सड़क की बहाली की मांग की है. उनका कहना है कि हर वर्ष केवल आश्वासन मिलता है. यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो दोन क्षेत्र के हजारों लोगों का जनजीवन गंभीर संकट में पड़ सकता है.
यह भी पढ़ें: सावन की पहली सोमवारी पर सागर पोखरा शिव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, भक्तों ने किया जलाभिषेक
