Bettiah: भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास में वर्ष 1917 का चंपारण सत्याग्रह ऐतिहासिक पड़ाव है. महात्मा गांधी के नेतृत्व में हुआ यह आंदोलन भारत में उनके सत्याग्रह और अहिंसक जनआंदोलन का पहला बड़ा प्रयोग माना जाता है. हालांकि इस आंदोलन को गांधी और किसान नेता राजकुमार शुक्ल के योगदान के साथ याद किया जाता है, लेकिन इसके पीछे कई स्थानीय लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका थी. इनमें बेतिया के पत्रकार, शिक्षक और समाजसेवी पीर मोहम्मद मुनीश का नाम प्रमुख है.
शिक्षक से बने किसानों की आवाज
पीर मोहम्मद मुनीश का जन्म 1882 में बेतिया में हुआ था. वे मूल रूप से शिक्षक थे और बेतिया राज के स्कूल में अध्यापन करते थे. किसानों की समस्याओं और अंग्रेज नीलहे बागान मालिकों के अत्याचार को करीब से देखने के बाद उन्होंने पत्रकारिता को अपनी आवाज बनाया. वे कानपुर से प्रकाशित गणेश शंकर विद्यार्थी के प्रसिद्ध हिंदी साप्ताहिक ‘प्रताप’ के संवाददाता थे. अपने लेखों और पत्रों के जरिए उन्होंने चंपारण के किसानों की पीड़ा को देश के सामने रखा.
नीलहों के अत्याचार पर धारदार लेखनी
चंपारण के किसानों पर अंग्रेज नीलहे बागान मालिकों का भारी दबाव था. तीनकठिया प्रथा के तहत किसानों को अपनी जमीन के एक हिस्से में जबरन नील की खेती करनी पड़ती थी. मुनीश ने अपनी लेखनी से इस शोषण को लगातार उजागर किया. उनके लेखों में नीलहों के अत्याचार, किसानों की आर्थिक बदहाली और प्रशासन की उदासीनता का स्पष्ट चित्र मिलता था. उनकी पत्रकारिता अंग्रेज अधिकारियों को इतनी तीखी लगी कि उन्हें ‘बदमाश पत्रकार’ तक कहा गया
गांधी को चंपारण बुलाने में निभाई अहम भूमिका
महात्मा गांधी को चंपारण बुलाने की प्रक्रिया में भी मुनीश की भूमिका महत्वपूर्ण रही. 27 फरवरी 1917 को पीर मोहम्मद मुनीश और राजकुमार शुक्ल ने गांधी को पत्र लिखकर चंपारण के किसानों की पीड़ा से अवगत कराया और उन्हें यहां आने का आग्रह किया. इसके बाद 22 मार्च 1917 को मुनीश ने गांधी को फिर पत्र लिखा. अंततः गांधी 10 अप्रैल 1917 को चंपारण पहुंचे. गांधी के आने से पहले किसानों की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने में मुनीश की लेखनी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
किसान और शिक्षित वर्ग के बीच बने कड़ी
गांधी के चंपारण पहुंचने के बाद भी मुनीश सक्रिय रहे. वे स्थानीय शिक्षित वर्ग और किसानों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी बने. ब्रिटिश प्रशासन के दस्तावेजों में भी उन्हें बेतिया के शिक्षित लोगों और किसान नेताओं के बीच संपर्क स्थापित करने वाले व्यक्ति के रूप में देखा गया. गांधी ने किसानों के बयान दर्ज कराए और गांवों का दौरा किया. आंदोलन के दबाव में सरकार को जांच समिति गठित करनी पड़ी और तीनकठिया प्रथा समाप्त करने की दिशा में निर्णायक कदम उठे.
सत्याग्रह के बाद भी जारी रहा संघर्ष
चंपारण सत्याग्रह के बाद मुनीश का संघर्ष रुका नहीं. उन्होंने किसानों के अधिकारों के लिए रैयती सभा का गठन किया, जिसके कारण उन्हें जेल भी जाना पड़ा. 1930 के सविनय अवज्ञा आंदोलन और नमक सत्याग्रह में भाग लेने पर भी उन्होंने कारावास भुगता. वे चंपारण जिला परिषद के सदस्य और बेतिया लोकल बोर्ड के अध्यक्ष भी रहे. 1949 में उनका निधन हुआ.
पीर मोहम्मद मुनीश का जीवन बताता है कि स्वतंत्रता आंदोलन केवल बड़े नेताओं की कहानी नहीं था. इसके पीछे स्थानीय पत्रकार, शिक्षक, किसान और सामाजिक कार्यकर्ताओं की भी महत्वपूर्ण भूमिका थी. अपनी लेखनी, संगठन क्षमता और साहस से मुनीश ने चंपारण के किसानों की आवाज को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया और गांधी के सत्याग्रह के लिए जमीन तैयार करने में अहम योगदान दिया.
