30 साल से फरार कुख्यात अपराधी गिरफ्तार, बेतिया-मोतिहारी में हत्या समेत 18 केस दर्ज

पुराने आपराधिक मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे अशेसर सहनी की गिरफ्तारी से पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मझौलिया के पुरुषोतीपुर गांव में छापेमारी के दौरान पकड़े गए आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है.

बेतिया और मोतिहारी जिले की पुलिस के लिए लंबे समय से सिरदर्द बने अंतरजिला कुख्यात अपराधी अशेसर सहनी को मझौलिया पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. करीब 30 वर्षों से फरार चल रहे अशेसर को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर पुरुषोतीपुर गांव से दबोचा. पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ दोनों जिलों के अलग-अलग थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, अपहरण और आर्म्स एक्ट समेत 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं.

30 साल से पुलिस को थी तलाश

वरीय पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम के निर्देश पर वांछित और कुख्यात अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के दौरान मझौलिया पुलिस को अशेसर सहनी के इलाके में मौजूद होने की सूचना मिली.

सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने शुक्रवार, 4 सितंबर को मझौलिया थाना क्षेत्र के पुरुषोतीपुर गांव में छापेमारी की. यहां से पूर्वी चंपारण के पहाड़पुर थाना क्षेत्र स्थित ढाब टोला निवासी धरम सहनी के पुत्र अशेसर सहनी (45) को गिरफ्तार कर लिया गया.

हत्या से लेकर अपहरण तक के मामले दर्ज

एसडीपीओ अजीत कुमार के अनुसार, अशेसर सहनी के खिलाफ बेतिया और मोतिहारी जिले के विभिन्न थानों में कुल 18 कांड दर्ज हैं. इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, मारपीट, अपहरण, बलवा और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं.

मझौलिया थाना में उसके खिलाफ कांड संख्या 101/97 में हत्या की धारा 302/34, कांड संख्या 33/99 में हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं और कांड संख्या 264/01 में चोरी समेत धाराओं में मामला दर्ज है. वर्ष 2021 के कांड संख्या 315/21 में हत्या के साथ एससी/एसटी अधिनियम की धाराएं भी लगायी गयी थीं.

बेतिया से मोतिहारी तक दर्ज हैं मामले

पुलिस के मुताबिक, बेतिया मुफस्सिल थाना में भी अशेसर के खिलाफ हत्या से संबंधित मामला दर्ज है. वहीं पूर्वी चंपारण के पहाड़पुर थाना में हत्या, हत्या के प्रयास, चोरी, मारपीट और बलवा समेत कई मामले दर्ज हैं.

हरसिद्धि थाना कांड संख्या 126/98 में अपहरण और आर्म्स एक्ट की धाराएं लगायी गयी थीं. इसके अलावा मोतिहारी टाउन थाना और जगदीशपुर थाना में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं.

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ जारी

गिरफ्तारी के बाद पुलिस अशेसर सहनी के आपराधिक इतिहास और दूसरे मामलों में उसकी संभावित संलिप्तता को लेकर पूछताछ कर रही है. पुलिस अब उसके पुराने मामलों और लंबे समय तक फरार रहने के दौरान उसकी गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही है.

छापेमारी दल में मझौलिया थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक अमर कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अनुज कुमार ओझा, पुलिस अवर निरीक्षक भानु प्रकाश, सहायक अवर निरीक्षक निलेश कुमार और सशस्त्र बल शामिल रहे. गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है.

यह भी पढे़ं:

गुड न्यूज: बगहा अस्पताल में डायलिसिस शुरू, किडनी मरीजों के लिए बड़ी राहत

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अवध किशोर तिवारी

अवध किशोर तिवारी तीन दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. इन्होंने हिंदी दैनिक राष्ट्रीय सहारा के दिल्ली संस्करण से करियर की शुरुआत की. वर्तमान में वर्ष 2018 से प्रभात खबर के बेतिया ब्यूरो कार्यालय से जुड़े हैं. सामाजिक, अपराध, राजनीतिक एवं जनसरोकार से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >