शादी के छह महीने बाद उजड़ गया घर, 19 साल की शोभा की संदिग्ध मौत, ससुराल वाले फरार

नवलपुर के सेमरी गांव में 19 साल की शोभा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. शादी के कुछ महीने बाद ही हुई इस घटना से परिवार में मातम है. मायके पक्ष ने दहेज के लिए प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है, जबकि ससुराल वाले फरार हैं.

West Champaran News: नवलपुर थाना क्षेत्र के सेमरी गांव के वार्ड संख्या 8 में रविवार रात 19 वर्षीय नवविवाहिता शोभा कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी. घटना के बाद उसके ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं. मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या किये जाने की आशंका जतायी है. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की.

शादी के बाद एक लाख रुपये मांगने का आरोप

मृतका के मामा बगही बघमबरपुर निवासी वीरेंद्र राम ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज में बकाया एक लाख रुपये की मांग कर रहे थे. उनके अनुसार मांग पूरी नहीं होने पर शोभा को प्रताड़ित किया जाता था. परिजनों ने इसी विवाद को उसकी मौत से जोड़ते हुए जांच की मांग की है.

कमरे में बिस्तर पर पड़ा मिला शव

परिजनों के अनुसार, रविवार रात रिश्तेदारों से शोभा की मौत की सूचना मिली. इसके बाद वे सेमरी गांव पहुंचे, जहां उसका शव कमरे में बिस्तर पर पड़ा था. परिजनों ने उसके गले पर काला निशान और जीभ बाहर निकली होने की बात कही. इसके बाद उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी.

एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जुटाये साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए नवलपुर पुलिस की सूचना पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाये. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि नवविवाहिता की मौत की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके.

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जीएमसीएच में पोस्टमार्टम कराया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस के अनुसार, मौत के वास्तविक कारण का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.

घटना के बाद ससुराल पक्ष फरार

घटना के बाद से शोभा के ससुराल पक्ष के लोगों के फरार होने की जानकारी सामने आयी है. पुलिस उनकी तलाश कर रही है. मामले में सामने आये आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

17 मार्च 2026 को हुई थी शोभा की शादी

बताया गया कि शोभा कुमारी की शादी 17 मार्च 2026 को सेमरी निवासी गोविंद राम से हुई थी. गोविंद मजदूरी करता है. शोभा पांच बहनों और एक भाई में मंझली थी. शादी के कुछ ही महीनों बाद उसकी संदिग्ध मौत से मायके पक्ष में मातम का माहौल है.

यह भी पढ़ें: डीएम के सामने पहुंचीं 66 शिकायतें, कई मामलों का मौके पर ही हुआ समाधान

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By गणेश वर्मा

गणेश ने अपनी पत्रकारिता यात्रा की शुरुआत 2014 में गोरखपुर स्थित हिंदुस्तान अखबार से की। तब से लगातार मुख्यधारा मीडिया में सक्रिय रहकर उन्होंने रिपोर्टिंग से लेकर संपादकीय दायित्वों तक का अनुभव हासिल किया है। फिलहाल वे प्रभात खबर से जुड़े हैं और पश्चिम चम्पारण जिले में बतौर ब्यूरो चीफ कार्यरत हैं।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >