22 चक्कों वाला हाइवा चार साल से सड़क पर क्यों खड़ा है? नवलपुर में ग्रामीणों की बढ़ी चिंता

नवलपुर थाना क्षेत्र में चार साल से सड़क किनारे खड़ा एक 22 चक्का हाइवा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है. सड़क निर्माण कंपनी ने इसके बगल से पतली सड़क बना दी है, जिससे रात में दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है.

Bettiah News: नवलपुर थाना क्षेत्र के निमुइया नया बस्ती मार्ग पर पिछले करीब चार वर्षों से सड़क किनारे लावारिस हालत में खड़ा 22 चक्का हाइवा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़ी मुसीबत बना हुआ है. लंबे समय से एक ही जगह पर खड़े इस भारी वाहन के कारण सड़क का एक बड़ा हिस्सा बाधित हो गया है. सड़क निर्माण के दौरान हाइवा के बगल से पतली सड़क निकाल दिए जाने से खासकर रात के समय गंभीर सड़क दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है.

Nawalpur News: सड़क निर्माण कंपनी ने हाइवा के बगल से बना दी पतली सड़क

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, सड़क निर्माण कंपनी ने लावारिस वाहन को हटाने के बजाय उसके किनारे से ही पतली सड़क का निर्माण कर दिया.

इसके चलते मार्ग काफी संकरा हो गया है. आमने-सामने से दो वाहनों के आने पर क्रॉसिंग में भारी असुविधा होती है, जिससे राहगीर और दैनिक यात्री हर समय भय के साये में सफर करने को मजबूर हैं.

लावारिस पड़े हाइवा के चक्के तक खोल ले गए असामाजिक तत्व

हैरत की बात यह है कि स्थानीय प्रशासन और पुलिस को अब तक यह जानकारी नहीं मिल पाई है कि सड़क किनारे खड़ा यह भारी वाहन किसका है.

लंबे समय तक लावारिस पड़े रहने के कारण असामाजिक तत्वों ने धीरे-धीरे हाइवा के पहिए और अन्य उपकरण तक खोल लिए हैं. चक्के निकल जाने से वाहन पूरी तरह जमीन पर धंस चुका है और उसे हटाना और जटिल हो गया है.

मुखिया और ग्रामीणों ने जताई बड़े हादसे की आशंका

सिसवाबैरागी पंचायत के मुखिया केदार राम, मुसहर यादव, अरुण प्रसाद, ओमप्रकाश बैठा और फौजदार यादव ने बताया कि यह भारी वाहन कभी भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है.

ग्रामीणों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क पर अवरोध बने इस वाहन को लेकर कई बार स्थानीय पदाधिकारियों और थानाध्यक्ष से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई.

हाइवा को तत्काल जब्त कर मार्ग सुचारू करने की मांग

इलाके के लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस के वरीय अधिकारियों से मांग की है कि इस 22 चक्का हाइवा को क्रेन की मदद से तुरंत सड़क से हटवाया जाए.

ग्रामीणों का कहना है कि जब तक इस भारी अवरोध को नहीं हटाया जाएगा, तब तक निमुइया नया बस्ती मार्ग पर दुर्घटना का खतरा लगातार मंडराता रहेगा.

यह भी पढ़ें: शिक्षक नहीं आते, फीस ज्यादा है या रिजल्ट अटका? 25 अगस्त से छात्रों की हर शिकायत सुनेगी सरकार


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मधुकर मिश्रा

मधुकर मिश्र ने 1986 में आकाश मार्ग हिंदी दैनिक देवरिया उत्तर प्रदेश से पत्रकारिता की शुरुआत की थी. इसके बाद में दिल्ली और पटना से एक साथ प्रकाशित संध्या प्रहरी, आज, नवभारत टाइम्स में कार्य किए. इस क्रम में पश्चिम चंपारण जिला मुख्यालय बेतिया में दैनिक जागरण के ब्यूरो चीफ रह चुके हैं. वर्तमान में बेतिया प्रभात खबर हिंदी दैनिक सह मल्टीमीडिया कार्यालय से जुड़कर कार्य कर रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >