Nautan School Boundary: पश्चिम चंपारण जिले के नौतन प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत खड्डा के दलित बस्ती में स्थित प्राथमिक विद्यालय भंगहा में विभागीय उपेक्षा का एक बड़ा मामला सामने आया है. प्रशासनिक उदासीनता के कारण इस विद्यालय का बाउंड्री वॉल (चारदीवारी) निर्माण कार्य आज तक पूरा नहीं कराया जा सका है. विद्यालय की घेराबंदी नहीं होने से सबसे बड़ी समस्या यह खड़ी हो गई है कि छोटे-छोटे छात्र क्लास रूम से बाहर निकलकर परिसर में इधर-उधर घूमते रहते हैं. चारदीवारी के अभाव में बच्चों के स्कूल परिसर से बाहर भागने का डर हमेशा बना रहता है. जिसके कारण शिक्षकों का अधिकांश समय बच्चों को संभालने और उनकी निगरानी करने में ही बीत जाता है.
भवन की मरम्मत हुई पर घेराबंदी अधूरी
विद्यालय के प्रधानाध्यापक जावेद आलम ने बाउंड्री निर्माण को लेकर लगातार संबंधित शिक्षा विभाग के वरीय अधिकारियों को लिखित पत्र भेजा है. लेकिन विभाग की घोर उदासीनता के कारण अब तक विद्यालय की सुरक्षित घेराबंदी के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. हालांकि. राहत की बात यह है कि विभाग की ओर से विद्यालय भवन की मरम्मती और रंग-रोगन का कार्य समय पर पूरा करा दिया गया है. लेकिन मुख्य बाउंड्री वॉल का निर्माण नहीं होने से बच्चों को सुरक्षित माहौल में पढ़ाने में शिक्षकों को रोज काफी मानसिक तनाव और जोखिम उठाना पड़ रहा है.
मुखिया ने राशि के अभाव का दिया हवाला
स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों ने भी इस गंभीर समस्या को लेकर खड्डा पंचायत की मुखिया रीता देवी से मुलाकात की थी. और उनसे पंचायत स्तर से विद्यालय की बाउंड्री कराने का विशेष अनुरोध किया था. लेकिन मुखिया ने सरकारी फंड और राशि के अभाव का हवाला देते हुए पंचायत निधि से घेराबंदी कराने में असमर्थता जाहिर कर दी. दलित बस्ती के इस स्कूल में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं होने से ग्रामीणों में शिक्षा विभाग के प्रति गहरी नाराजगी है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि बच्चों की सुरक्षा और बेहतर पठन-पाठन के लिए विद्यालय में अविलंब बाउंड्री वॉल का निर्माण सुनिश्चित कराया जाए.
