West Champaran News: ऑल इंडिया म्यूनिसिपल कर्मी संघ के आह्वान पर नरकटियागंज नगर परिषद के सफाई कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल सोमवार को चौथे दिन भी जारी रही. सफाई कर्मियों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. आंदोलन के कारण शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने लगी है.
Narkatiaganj News: नियमितीकरण की मांग पर अड़े कर्मी
संघ के अध्यक्ष मनोज राउत ने कहा कि वर्षों से कार्यरत दैनिक, संविदा और अन्य अस्थायी कर्मियों का अब तक नियमितीकरण नहीं किया गया है. उन्होंने सभी कर्मियों को सेवा सुरक्षा प्रदान करने तथा कर्मचारी विरोधी आदेश वापस लेने की मांग की.
ठेका व्यवस्था समाप्त करने की मांग
प्रदर्शन के दौरान सफाई कर्मियों ने ठेका एवं आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त करने, आउटसोर्सिंग कर्मियों को नगर निकाय कर्मचारी का दर्जा देने तथा वेतन सीधे नगर परिषद के माध्यम से बैंक खातों में भेजने की मांग उठाई.
इसके अलावा समान कार्य के लिए समान वेतन और सभी वैधानिक सुविधाएं लागू करने की भी मांग की गई.
मांगें पूरी नहीं होने तक जारी रहेगा आंदोलन
सफाई कर्मियों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी. आंदोलन के कारण नगर परिषद क्षेत्र में सफाई व्यवस्था प्रभावित होने लगी है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
बड़ी संख्या में कर्मी हुए शामिल
प्रदर्शन में राकेश राउत, मनोज कुमार, रवि कुमार, तबारक अंसारी, विनोद मलिक, हरिशंकर राम, बब्लू कुमार समेत बड़ी संख्या में सफाई कर्मी शामिल रहे. सभी ने अपनी मांगों के समर्थन में एकजुट होकर आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया.
यह भी पढ़ें: सावन की पहली सोमवारी पर गंडक नदी में डूबा 14 वर्षीय किशोर, जल भरने गया था घाट