Bettiah News: नरकटियागंज नगर परिषद के सफाई कर्मियों ने गुरुवार से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी. ऑल इंडिया म्यूनिसिपल कर्मी संघ के आह्वान पर शुरू हुए इस आंदोलन के तहत सफाई कर्मियों ने नगर परिषद परिसर में प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था और कूड़ा उठाव प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है.
नियमितीकरण और सेवा सुरक्षा की मांग
हड़ताल का नेतृत्व कर रहे संघ के अध्यक्ष मनोज राउत ने कहा कि सफाई कर्मी वर्षों से पूरी निष्ठा के साथ शहर को स्वच्छ रखने का काम कर रहे हैं, लेकिन दैनिक, संविदा और अन्य अस्थायी कर्मियों को अब तक नियमित नहीं किया गया है. उन्होंने सभी अस्थायी कर्मियों का नियमितीकरण, सेवा सुरक्षा और कर्मचारी विरोधी आदेशों को वापस लेने की मांग की.
आउटसोर्सिंग व्यवस्था खत्म करने की मांग
सफाई कर्मियों ने ठेका और आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त करने की भी मांग उठाई. उनका कहना है कि आउटसोर्सिंग के तहत कार्यरत कर्मियों को नगर निकाय कर्मचारी का दर्जा दिया जाए. साथ ही उनका वेतन सीधे नगर परिषद के माध्यम से बैंक खातों में भेजा जाए और उन्हें समान काम के बदले समान वेतन के साथ सभी वैधानिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं.
मांगें पूरी नहीं होने तक जारी रहेगा आंदोलन
प्रदर्शनकारी कर्मियों ने चेतावनी दी कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी. यदि आंदोलन लंबा खिंचता है तो शहर में कूड़ा उठाव और सफाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो सकती है, जिससे आम लोगों की परेशानी बढ़ने की संभावना है.
बड़ी संख्या में कर्मी रहे मौजूद
प्रदर्शन में राकेश राउत, मनोज कुमार, रवि कुमार, तबारक अंसारी, विनोद मलिक, हरिशंकर राम, बब्लू कुमार समेत बड़ी संख्या में सफाई कर्मी शामिल हुए. सभी ने एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की.
यह भी पढे़ं: 9वीं से 12वीं तक के छात्रों को मिलेगी मुफ्त यूनिफॉर्म किट, शिक्षा विभाग ने दी मंजूरी
