1414 बच्चों का आधार अपडेट नहीं, अपार कार्ड अटका, सहयोग शिविर में सामने आई बड़ी समस्या

Bettiah नगर परिषद कार्यालय में आयोजित सहयोग शिविर में 1414 बच्चों के आधार कार्ड अपडेट न होने से अपार कार्ड बनने में आ रही बड़ी समस्या सामने आई. अभिभावकों ने शिकायत की, जिस पर अधिकारियों को जल्द समाधान के निर्देश दिए गए.

Bettiah News: नगर परिषद कार्यालय में आयोजित सहयोग शिविर में एक अहम समस्या सामने आई. नगर क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक निजी स्कूलों के करीब 1414 बच्चों का आधार कार्ड अपडेट नहीं होने के कारण उनका अपार (APAAR) कार्ड नहीं बन सका है. शिविर में पहुंचे अभिभावकों ने भी आधार कार्ड से जुड़ी परेशानियां अधिकारियों के सामने रखीं.

यह मामला सामने आने के बाद नगर परिषद ने संबंधित अधिकारियों को जल्द समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

महिलाओं ने रखी आधार कार्ड से जुड़ी शिकायत

वार्ड संख्या 9, 10, 11 और 12 की महिलाओं ने नगर परिषद की सभापति रीना देवी से कहा कि कई बच्चों का आधार कार्ड अब तक नहीं बना है, जबकि कई बच्चों के आधार कार्ड में त्रुटियां हैं.

इस पर सभापति ने कहा कि सरकार की ओर से लगाए गए सहयोग शिविर का उद्देश्य ही ऐसी समस्याओं का समाधान करना है. उन्होंने लोगों से आवेदन देने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि जिन बच्चों का आधार नहीं बना है, उनका आधार बनवाया जाएगा और जिनका आधार अपडेट होना है, उसे भी जल्द दुरुस्त कराया जाएगा.

निजी स्कूलों ने भी दी जानकारी

सभापति रीना देवी ने बताया कि नगर के निजी विद्यालयों के संचालकों ने जानकारी दी है कि 1414 बच्चों का आधार अपडेट नहीं होने की वजह से उनका अपार कार्ड जारी नहीं हो सका है.

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को इस समस्या के समाधान के लिए तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

कई योजनाओं से जुड़े आवेदन भी मिले

सहयोग शिविर में शारदा देवी, तरन्नुम नेशा, कलावती देवी और संध्या कुमारी समेत कई लोगों ने आवेदन दिए. इन मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए.

सभापति ने बताया कि शिविर में आवास योजना, जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, नाली-गली, सड़क योजना, स्वच्छता, नल-जल और स्ट्रीट लाइट से जुड़े आवेदन भी प्राप्त हुए.

अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

शिविर में उपसभापति पूनम देवी, स्वच्छता पदाधिकारी रवि कुमार सिंह, टाउन प्लानर मोहम्मद वसीम, नितेश कुमार, मुकेश कुमार, जयप्रकाश चौरसिया, राजेश कुमार, पंकज कुमार राम और जी. कुशवाहा समेत नगर परिषद के कई अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. अधिकारियों ने प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सतीश कुमार पांडेय

सतीश कुमार पांडेय ने वर्ष 2000 में जी न्यूज से पत्रकारिता की शुरुआत की. इन्होंने चर्चित दस्यु सरगनाओं की रिपोर्टिंग की. बाद में आज और दैनिक जागरण में कार्य किया. वर्ष 2016 से वें प्रभात खबर में कार्यरत हैं. इन्हें क्राइम, प्रशासनिक, राजनीतिक, सामाजिक तथा खेती-किसानी से जुड़ी खबरों में विशेष रुचि रही है.

ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >