Narkatiaganj News: गोदावरी देवी रामचंद्र प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर, पुरानी बाजार में शनिवार को महान वैज्ञानिक डॉ. प्रफुल्ल चंद्र राय की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय विज्ञान सप्ताह का शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष वर्मा प्रसाद, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. उत्कर्ष वर्मा और शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित कुमार तिवारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को विज्ञान के साथ संस्कार, अनुशासन और नवाचार का संदेश दिया गया.
विज्ञान के साथ संस्कार भी जरूरी
विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष वर्मा प्रसाद ने कहा कि विज्ञान का उद्देश्य केवल नई खोज करना नहीं, बल्कि मानव जीवन को अधिक सुरक्षित, उपयोगी और समृद्ध बनाना भी है.
उन्होंने विद्यार्थियों से वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने के साथ अनुशासन, परिश्रम और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को जीवन में उतारने का आह्वान किया. उनका कहना था कि ज्ञान और संस्कार का समन्वय ही श्रेष्ठ नागरिक बनाता है.
छात्रों को जिज्ञासु बनने की सलाह
विशिष्ट अतिथि डॉ. उत्कर्ष वर्मा ने कहा कि विज्ञान केवल एक विषय नहीं, बल्कि जीवन को सकारात्मक दिशा देने वाली सोच है.
वहीं मुख्य अतिथि डॉ. अमित कुमार तिवारी ने कहा कि मनुष्य का पूरा जीवन विज्ञान से जुड़ा है. उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ अच्छे संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को अपनाने की अपील की.
सात दिनों तक होंगी विज्ञान गतिविधियां
विद्यालय के मीडिया प्रभारी नितेश कुमार वर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय विज्ञान सप्ताह के तहत अगले सात दिनों तक विज्ञान प्रदर्शनी, मॉडल निर्माण, विज्ञान प्रश्नोत्तरी, भाषण और पोस्टर प्रतियोगिता सहित कई रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा.
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का समापन 2 अगस्त को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा.
शिक्षक और छात्र रहे मौजूद
कार्यक्रम में उपप्रधानाचार्य विनोद कुमार दूबे, शिशु मंदिर प्रभारी अभय तिवारी, विज्ञान प्रमुख आचार्य प्रेमचंद्र मिश्रा, आचार्य कलाधर पाठक, पिंटू कुमार, रत्नाभम, दिनेश प्रसाद, अमरेश यादव, प्रवेश तिवारी, आचार्या अप्पी कुमारी, मेघना खर्दवाल और स्मिता कुमारी सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
