बेतिया: आर्य समाज की भूमि पर कब्जे को लेकर बवाल, प्रशासन ने रुकवाया निर्माण कार्य

नरकटियागंज के शिवगंज में आर्य समाज की भूमि पर कब्जे और बिक्री के आरोप को लेकर विवाद बढ़ गया है. प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य पर रोक लगा दी है. पढ़ें पूरी खबर…

बेतिया के नरकटियागंज से सतीश कुमार पांडेय की रिपोर्ट

Bettiah News: नगर के वार्ड संख्या-6 स्थित शिवगंज में आर्य समाज की भूमि पर कथित कब्जा और बिक्री को लेकर रविवार को तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई. शिकारपुर थानाध्यक्ष द्वारा विवादित भूखंड पर जाने से रोके जाने के बाद आर्य समाज से जुड़े लोग आक्रोशित हो गए और बड़ी संख्या में मंदिर परिसर में जुटकर विरोध जताया.

आर्य समाज ने लगाया कब्जे का आरोप

आर्य समाज के प्रधान रामेश्वर प्रसाद आर्य ने प्रेस वार्ता में आरोप लगाया कि शिवगंज स्थित आर्य समाज की भूमि पिछले 70 वर्षों से संस्था के अधीन है.

उन्होंने बताया कि पहले उक्त भूमि पर नगर का मैला फेंका जाता था और बाद में वहां जलाशय बनने के बाद सिंघाड़ा एवं पानी फल से आय होती रही. वर्ष 2025 की बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर वहां यज्ञ और वृक्षारोपण कर बोर्ड भी लगाया गया था.

फर्जी दस्तावेज बनाकर बिक्री का आरोप

रामेश्वर प्रसाद आर्य ने आरोप लगाया कि मोतीलाल राम ने उक्त जमीन को अपनी बताते हुए कथित फर्जी दस्तावेज तैयार कर तबारक हुसैन और उनके पुत्र मो. एकबाल को बेच दिया.

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने सुनवाई नहीं की. साथ ही शनिवार की शाम शिकारपुर थानाध्यक्ष ज्वाला सिंह द्वारा फोन कर उन्हें भूखंड पर नहीं जाने की चेतावनी दी गई.

प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर रोका निर्माण

स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए बीडीओ सूरज कुमार सिंह, आरओ अशोक कुमार, राजस्व कर्मचारी रौशन कुमार तथा पुलिस निरीक्षक संतोष शर्मा मौके पर पहुंचे.

प्रशासन ने बाउंड्री के भीतर मौजूद लोगों को हटाकर निर्माण कार्य पर रोक लगा दी और भूखंड को बंद करा दिया. साथ ही दोनों पक्षों को थाना बुलाकर कागजात प्रस्तुत करने को कहा गया.

बीडीओ बोले- सरकारी भूमि की खरीद-बिक्री गैरकानूनी

बीडीओ सूरज कुमार सिंह ने बताया कि संबंधित भूमि खाता संख्या-6, खेसरा संख्या-1420, रकबा करीब दो कट्ठा सरकारी भूमि है.

उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों से दस्तावेज मांगे गए हैं. सरकारी भूमि की खरीद-बिक्री गैरकानूनी है और मामले में दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाएगी.

पुलिस बल तैनात

पुलिस निरीक्षक संतोष शर्मा ने बताया कि विवादित भूखंड पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है. दोनों पक्षों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि विधि-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने पर सख्त कार्रवाई होगी.

कई लोग रहे मौजूद

बैठक और प्रेस वार्ता के दौरान राजेश कुमार आर्य, चंपारण जिला आर्य समाज के उप प्रधान लालजी आर्य, अखिलेश राज, अमरेश आर्य तथा भूमि दाता कामता चौबे के पौत्र विपीन चौबे समेत कई लोग मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >