Bagaha News: बगहा-1 प्रखंड मुख्यालय परिसर में गुरुवार को दिव्यांगजन सशक्तिकरण के तहत एक विशेष वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के दौरान स्थानीय विधायक राम सिंह और प्रखंड प्रमुख चंद्रावती देवी ने संयुक्त रूप से जरूरतमंद दिव्यांगजनों के बीच ट्राई साइकिल का वितरण किया. शिविर में करीब एक दर्जन पात्र दिव्यांग लाभुकों को निःशुल्क ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई गई. ट्राई साइकिल की चाबी और वाहन मिलते ही सभी दिव्यांग लाभुकों के चेहरे पर खुशी और संतोष की चमक साफ दिखाई दी.
दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर व गतिशील बनाना मुख्य उद्देश्य: बीडीओ
योजना के संबंध में जानकारी देते हुए बगहा-1 के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) प्रदीप कुमार ने बताया कि समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित कल्याणकारी योजना के तहत यह वितरण सुनिश्चित किया गया है.
उन्होंने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य शारीरिक रूप से अक्षम और दिव्यांगजनों को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है. ट्राई साइकिल मिलने से दिव्यांगजन न केवल आत्मनिर्भर बनेंगे, बल्कि समाज की मुख्यधारा से जुड़कर अपने दैनिक कार्यों को बिना किसी पर निर्भर रहे आसानी से पूरा कर सकेंगे.
अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंदों तक पहुंचे लाभ: विधायक राम सिंह
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक राम सिंह ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद दिव्यांगजनों तक समय पर पहुंचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है.
उन्होंने कहा कि आवागमन की समस्या दूर होने से दिव्यांगजनों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे अपनी आजीविका तथा अन्य निजी कार्यों के लिए सुगमता से आ-जा सकेंगे. इस अवसर पर प्रखंड प्रशासन के वरीय पदाधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लाभार्थी व ग्रामीण उपस्थित रहे.
