ABVP Bettiah: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के 78वें स्थापना दिवस सप्ताह के तहत शनिवार को राजगुरु चौक स्थित क्रिएटिव कंप्यूटर संस्थान में मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में 50 से अधिक छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
प्रतियोगिता के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित भी किया गया.
छात्राओं को मिला प्रतिभा दिखाने का मंच
क्रिएटिव कंप्यूटर संस्थान के निदेशक रवि कुमार ने कहा कि इस तरह के आयोजन छात्राओं के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. उनके अनुसार शिक्षा के साथ रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करती हैं.
उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से छात्राओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर मिलता है.
एबीवीपी ने बताया आयोजन का उद्देश्य
एबीवीपी की सुरभि चौरसिया और प्रांत कार्यकारिणी सदस्य महक साहू ने कहा कि विद्यार्थी परिषद स्थापना काल से ही विद्यार्थियों और समाज के हित में कार्य करती आ रही है.
उन्होंने बताया कि मेहंदी प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करना, आत्मविश्वास बढ़ाना और सामाजिक झिझक को दूर करना है.
ये रहीं प्रतियोगिता की विजेता
प्रतियोगिता में आइशा खातून ने प्रथम स्थान प्राप्त किया.
जूही कुमारी द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि खुशी प्रवीण और सलोनी कुमारी ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया. सभी विजेता छात्राओं को सम्मानित किया गया.
बड़ी संख्या में छात्राएं और पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम के संयोजक सुजीत मिश्र और विभाग संयोजक अभिजीत राय ने कहा कि आज छात्राएं हर क्षेत्र में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं और विद्यार्थी परिषद ऐसे आयोजनों के माध्यम से उनकी प्रतिभा को सामाजिक मंच उपलब्ध करा रही है.
इस अवसर पर अर्चना, शिक्षिका अंजलि, अभयानंद दीक्षित, अभिजीत तिवारी, आदित्य बरनवाल, आकृति, साक्षी, अनुप्रिया, पायल, लक्ष्मी, स्नेहा, शालू, शैलेश कुशवाहा, शबनम खातून, सानिया, खुशी परवीन सहित बड़ी संख्या में छात्राएं और एबीवीपी कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
