Bettiah News: पश्चिम चंपारण के सिकटा प्रखंड अंतर्गत बलथर थाना क्षेत्र के छोटा धनकुटवा गांव में 20 वर्षीय विवाहिता का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.
घर के अंदर फंदे से लटका मिला शव
मृतका की पहचान छोटा धनकुटवा गांव के वार्ड संख्या नौ निवासी रामेश्वर बैठा उर्फ भागड़ बैठा की पत्नी लाखी देवी उर्फ आशा देवी (20 वर्ष) के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
बलथर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया है. फिलहाल विवाहिता की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.
पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
थानाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि विवाहिता का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला है. अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से थाना में लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जानकारी जुटा रही है.
आवेदन मिलने के बाद होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच जारी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने कहा कि जांच पूरी होने से पहले मौत के कारणों को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा.
यह भी पढे़ं: बेतिया के बाजारों में अचानक पहुंचे एसएसपी, ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था देखकर अधिकारियों को दिए निर्देश
