Bettiah News: पश्चिम चंपारण के नौतन थाना क्षेत्र में आपसी विवाद के कारण आधा दर्जन से अधिक आम के पेड़ काटे जाने का मामला सामने आया है. खड़डा मुसही गांव के दो लोगों ने आरोप लगाया है कि उनके खेत में लगे आम के पेड़ों को काटकर उन्हें आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया है. मामले को लेकर नौतन थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है.
खेत में लगे आम के पेड़ काटने का आरोप
खड़डा मुसही गांव निवासी मो. हनीफ अंसारी और मोबारक हुसैन ने नौतन थाने में आवेदन देकर नामजद लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. शिकायत में कहा गया है कि उनके खेत में लगे आधा दर्जन से अधिक आम के पेड़ काट दिए गए, जिससे उन्हें काफी आर्थिक नुकसान हुआ है.
घटना के बाद मौके पर जुटे ग्रामीण
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे. लोगों ने आम के पेड़ों की कटाई पर अफसोस जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. ग्रामीणों का कहना है कि पेड़ों की कटाई से न केवल आर्थिक नुकसान हुआ है, बल्कि पर्यावरण को भी क्षति पहुंची है.
पुलिस ने शुरू की जांच
नौतन थाना पुलिस ने आवेदन मिलने की पुष्टि की है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है. जांच के दौरान दोनों पक्षों से पूछताछ की जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढे़ं: बेतिया के बाजारों में अचानक पहुंचे एसएसपी, ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था देखकर अधिकारियों को दिए निर्देश
