Fake Educational Certificate: पश्चिम चंपारण के मैनाटांड़ प्रखंड में फर्जी शैक्षणिक प्रमाण पत्र के आधार पर सरकारी शिक्षक की नौकरी हासिल करने के आरोप में दो शिक्षकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. शिक्षा विभाग और निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की जांच के बाद यह कार्रवाई की गई है.
मैनाटांड़ थाना पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जांच में फर्जी मिले शैक्षणिक प्रमाण पत्र
जानकारी के अनुसार, प्राथमिक विद्यालय सेमरवारी के शिक्षक बांके बिहारी यादव और उत्क्रमित मध्य विद्यालय, घोड़पकड़ी (हिंदी) के शिक्षक मो. मुस्तुफा के शैक्षणिक प्रमाण पत्र जांच के दौरान फर्जी पाए गए.
इसके बाद शिक्षा विभाग ने मैनाटांड़ थाना में आवेदन देकर दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की.
शिक्षा विभाग की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
थानाध्यक्ष बब्लू कुमार ने बताया कि शिक्षा विभाग के आवेदन के आधार पर दोनों शिक्षकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
एक शिक्षक के इस्तीफे के बाद फरार होने की जानकारी
सूत्रों के अनुसार, मो. मुस्तुफा की नियुक्ति वर्ष 2010 में हुई थी. वह 17 मार्च को इस्तीफा देने के बाद से फरार बताए जा रहे हैं.
वहीं बांके बिहारी यादव की नियुक्ति वर्ष 2003 में हुई थी.
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस दोनों मामलों के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. शिक्षा विभाग और जांच एजेंसियों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
