विद्यालय में कुप्रबंधन पर ग्रामीणों का गुस्सा, मुख्यगेट बांस बल्ली से बंद किया प्रदर्शन

प्रखंड के कटैया पंचायत अंतर्गत खाप टोला गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय खाप टोला उर्दू में कुप्रबंधन और अनियमितताओं को लेकर शनिवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा.

लौरिया . प्रखंड के कटैया पंचायत अंतर्गत खाप टोला गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय खाप टोला उर्दू में कुप्रबंधन और अनियमितताओं को लेकर शनिवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. सैकड़ों ग्रामीणों ने विद्यालय के मुख्य गेट को बांस-बल्ली से घेरकर बंद कर दिया और लगभग डेढ़ घंटे तक विद्यालय प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. इस दौरान माहौल तनावपूर्ण बना रहा. प्रदर्शन का नेतृत्व मुखिया प्रतिनिधि विनोद शर्मा एवं समिति सदस्य प्रतिनिधि अमर राम कर रहे थे. ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा लगातार अनियमितताएं बरती जा रही हैं. हर वर्ष मिलने वाली रख-रखाव की राशि से कोई कार्य नहीं कराया जाता, विद्यालय परिसर में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब है और स्वच्छता को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है. ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि मुस्लिम बहुल पोषक क्षेत्र में स्थित उर्दू विद्यालय होने के बावजूद यहां उर्दू भाषा की पढ़ाई नहीं कराई जा रही है. विद्यालय संचालन से जुड़े निर्णयों में अध्यक्ष एवं सचिव से कोई विचार-विमर्श नहीं होता. कई शिक्षक केवल हाजिरी बनाकर स्कूल से गायब हो जाते हैं और मध्यान्ह भोजन भी निर्धारित मेनू के अनुसार नहीं दिया जाता. अभिभावकों का कहना है कि नामांकन के लिए संपर्क करने पर प्रधानाध्यापक सरकारी विद्यालय के बजाय निजी स्कूल में नामांकन कराने की सलाह देते हैं. मामले को गंभीर बताते हुए ग्रामीणों ने जिला अधिकारी को लिखित आवेदन सौंपकर जांच और सुधार की मांग की तथा चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा. मौके पर पहुंचे प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी जगदीश राम ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और एक सप्ताह के भीतर समाधान का आश्वासन दिया. उन्होंने बताया कि 24 घंटे के भीतर प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा गया है और जांच के बाद कारण पृच्छा जारी होगी. प्रधानाध्यापक राजेश यादव ने सभी आरोपों को बेबुनियाद और राजनीति से प्रेरित बताया. उन्होंने कहा कि उन पर दबाव बनाया जा रहा है और विद्यालय में सभी कार्य विधिवत संपादित हो रहे हैं. इस मौके पर शिवराज राम, सतीश राम, योगेन्द्र शर्मा, राजेश राम, अजहरुद्दीन, आजाद आलम, रहमान मियां, सैयाद मियां, कमरुद्दीन मियां, चोखट मियां एवं मो. इलियास सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे. मुखिया प्रतिनिधि विनोद शर्मा ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है, वहीं समिति सदस्य प्रतिनिधि अमर राम ने समय पर विद्यालय संचालन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और मेनू के अनुसार एमडीएम भोजन देने की मांग की. ्

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RANJEET THAKUR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >