लौरिया निबंधन कार्यालय में पांचवें दिन भी नहीं हुई एक भी रजिस्ट्री, पेपरलेस व्यवस्था पर सवाल

बिहार में पेपरलेस निबंधन व्यवस्था लागू होने के बाद लौरिया अवर निबंधन कार्यालय में पांच दिनों से एक भी रजिस्ट्री नहीं हुई है. इस कारण जमीन खरीद-बिक्री से जुड़े लोग परेशान हैं और नई व्यवस्था के क्रियान्वयन पर सवाल उठ रहे हैं. जानिए पूरी जानकारी.

Bettiah News: बिहार में पेपरलेस निबंधन व्यवस्था लागू होने के बाद लौरिया अवर निबंधन कार्यालय में लगातार पांचवें दिन भी एक भी दस्तावेज का निबंधन नहीं हो सका. शुक्रवार को भी जमीन की खरीद-बिक्री के लिए पहुंचे क्रेता-विक्रेताओं को निराश होकर लौटना पड़ा. लगातार पांच दिनों से निबंधन कार्य ठप रहने से नई व्यवस्था के क्रियान्वयन को लेकर सवाल उठने लगे हैं.

Lauriya News:  पांच दिनों से नहीं हुई एक भी रजिस्ट्री

पेपरलेस निबंधन व्यवस्था लागू होने के बाद शुक्रवार तक लगातार पांच दिनों में कार्यालय में एक भी दस्तावेज का निबंधन नहीं हुआ. इससे जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े लोगों में असमंजस और परेशानी की स्थिति बनी हुई है.

दस्तावेज लेखकों के असहयोग की चर्चा

सूत्रों के अनुसार पेपरलेस व्यवस्था को लेकर स्थानीय दस्तावेज लेखकों के कथित असहयोग के कारण निबंधन प्रक्रिया प्रभावित हो रही है. हालांकि विभागीय स्तर पर अब तक किसी आधिकारिक विरोध या असहयोग की पुष्टि नहीं की गई है.

ऐसे में लगातार पांच दिनों तक निबंधन नहीं होने से यह सवाल उठ रहा है कि नई डिजिटल व्यवस्था को लागू करने में वास्तविक बाधा आखिर कहां है.

नई व्यवस्था को पारदर्शी और सुरक्षित बता रही अधिकारी

अवर निबंधन अधिकारी प्रीती सिंह ने कहा कि पेपरलेस निबंधन सरकार की महत्वपूर्ण पहल है. इसका उद्देश्य निबंधन प्रक्रिया को डिजिटल बनाकर अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और सरल करना है.

उन्होंने बताया कि नई व्यवस्था में क्रेता और विक्रेता को कागजात लेकर कार्यालय आने की आवश्यकता कम होगी. ऑनलाइन प्रक्रिया से दस्तावेजों में छेड़छाड़ की संभावना घटेगी और रिकॉर्ड लंबे समय तक सुरक्षित रह सकेंगे.

कार्यालय में भीड़ कम होने का दावा

अवर निबंधन अधिकारी ने कहा कि पेपरलेस व्यवस्था लागू होने से कार्यालय में अनावश्यक भीड़ भी कम होगी. लोगों को निबंधन के लिए अधिक सुविधाजनक और पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है.

उन्होंने आम लोगों से नई व्यवस्था को समझने, अपनाने और इसे सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की.

अब निबंधन शुरू होने का इंतजार

लगातार पांचवें दिन भी एक भी रजिस्ट्री नहीं होने के बाद अब जमीन खरीद-बिक्री से जुड़े लोगों की नजर इस बात पर है कि लौरिया अवर निबंधन कार्यालय में पेपरलेस व्यवस्था के तहत निबंधन कार्य कब सुचारु रूप से शुरू होता है.

यह भी पढ़ें: घास काटते वक्त पति से वीडियो कॉल कर रही थी 8 माह की गर्भवती, पड़ोस की महिलाओं ने कर दी पिटाई


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कौशिक उर्फ राजा मिश्रा

कौशिक कुमार उर्फ राजा मिश्रा ने वर्ष 2011 में पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया प्रखंड से प्रभात खबर के साथ पत्रकारिता की शुरुआत की. सामाजिक, राजनीतिक और विकास से जुड़े मुद्दों को निष्पक्षता से उठाना इनकी पहचान रही है. बंद पड़ी लौरिया चीनी मिल को चालू कराने तथा एचपीसीएल परियोजना जैसे जनहित के विषयों पर भी वें लगातार सक्रिय रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >