West Champaran News: अग्निशमनालय नरकटियागंज की भंगहा इकाई की ओर से मंगलवार को इनरवा थाना क्षेत्र के खम्हियां पंचायत के वार्ड नंबर छह में ग्रामीणों के बीच अग्नि सुरक्षा को लेकर मॉक ड्रिल आयोजित किया गया. इस दौरान अग्निशमन कर्मियों ने आग लगने की स्थिति में बचाव, सावधानी और आग पर काबू पाने के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी.
Mainatand News: आग लगने पर बचाव के बताए तरीके
मॉक ड्रिल के दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि घरेलू गैस सिलेंडर, बिजली के शॉर्ट सर्किट अथवा अन्य कारणों से आग लगने पर घबराने के बजाय तत्काल आसपास के लोगों को इसकी सूचना दें. सुरक्षित तरीके से आग बुझाने का प्रयास करने और समय पर अग्निशमन विभाग को सूचना देने पर भी जोर दिया गया.
घरेलू सिलेंडर और शॉर्ट सर्किट से बचाव की जानकारी
अग्निशमन कर्मियों ने घरेलू गैस सिलेंडर से आग लगने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से समझाया. साथ ही बिजली के शॉर्ट सर्किट से होने वाली आग की घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक सतर्कता बरतने की जानकारी दी गई.
अग्निशामक यंत्र के उपयोग का कराया प्रदर्शन
ग्रामीणों को अग्निशामक यंत्र के सही उपयोग का व्यवहारिक प्रदर्शन भी कराया गया. कर्मियों ने बताया कि शुरुआती स्तर पर आग पर काबू पाने के लिए अग्निशामक यंत्र का सही तरीके से इस्तेमाल काफी महत्वपूर्ण हो सकता है.
समय पर सूचना देने की अपील
अग्निशमन कर्मियों ने ग्रामीणों से अपील की कि आग लगने की घटना होने पर तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दें. समय पर सूचना मिलने से दमकल टीम घटनास्थल पर पहुंचकर आग को फैलने से रोकने में प्रभावी कार्रवाई कर सकती है.
बड़ी संख्या में ग्रामीण हुए शामिल
मॉक ड्रिल में अग्निक चालक मुहम्मद आजम अली, अग्निक रणजीत कुमार यादव, अग्निक अली हुसैन समेत अन्य अग्निशमन कर्मी मौजूद रहे. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और अग्नि सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की.
यह भी पढ़ें: रील बनाने के लिए जान जोखिम में डाल रहे युवा, अभिभावकों को सतर्क रहने की जरूरत
