बांकीपुर की जीत के बाद जनसुराज का बड़ा प्लान, निष्क्रिय पदाधिकारियों की जगह नए चेहरों को मिलेगा मौका

जनसुराज बेतिया ने संगठनात्मक मजबूती और आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिए जिला स्तरीय बैठक की. बांकीपुर जीत से उत्साहित संगठन निष्क्रिय पदाधिकारियों को हटाकर नए और सक्रिय चेहरों को मौका देने की तैयारी में है.

Bettiah News: जनसुराज जिला कार्यालय, बेतिया में रविवार को संगठनात्मक मजबूती और आगामी राजनीतिक गतिविधियों की तैयारियों को लेकर जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई. बैठक में सभी पदाधिकारियों, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधियों, प्रखंड अध्यक्षों और सचिवों ने भाग लिया. जिला अध्यक्ष कुंदन पांडेय की अध्यक्षता में हुई बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनता के बीच सक्रियता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया.

निष्क्रिय पदाधिकारियों की जगह नए चेहरों को मिलेगा मौका

जिला अध्यक्ष कुंदन पांडेय ने कहा कि ऐसे पदाधिकारियों को चिन्हित किया जाए, जो पद ग्रहण करने के बाद संगठन और जनता के बीच सक्रिय रूप से काम नहीं कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर ऐसे पदों पर नए और सक्रिय जनसुराजी साथियों को जिम्मेदारी देने का अवसर दिया जाएगा.

बांकीपुर जीत से बढ़ा संगठन का भरोसा

कुंदन पांडेय ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनता ने जनसुराज के प्रति विश्वास जताया है. अब इस विश्वास को पश्चिम चंपारण के सभी विधानसभा क्षेत्रों में मजबूत करने की जरूरत है. इसके लिए कार्यकर्ताओं को पूरे जोश, जुनून और निष्ठा के साथ जनता के बीच काम करने का आह्वान किया गया.

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर

बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, अधिक से अधिक लोगों को जनसुराज से जोड़ने और आम जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाने की रणनीति पर चर्चा हुई. पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार जनसंपर्क बनाए रखने को कहा गया.

NDA के वादों को लेकर असंतोष का उठाया मुद्दा

जिला महासचिव मुन्ना पासवान ने कहा कि बीते विधानसभा चुनाव में NDA की ओर से जनता से किए गए वादों को लेकर लोगों में असंतोष है. उन्होंने कहा कि इस स्थिति को जनसुराज के लिए राजनीतिक अवसर में बदला जा सकता है. इसके लिए कार्यकर्ताओं को जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं और आवाज को मजबूती से उठाना होगा.

महिलाओं के मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी

महिला जिला अध्यक्ष रंजू देवी ने बिहार की महिलाओं से जुड़े चुनावी वादे का मुद्दा उठाया. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की ओर से महिलाओं को 2 लाख रुपये देने का वादा किया गया था, लेकिन चुनाव जीतने के बाद इसे पूरा नहीं किया गया. उन्होंने कहा कि महिलाएं आगामी चुनाव में अपने मत के जरिए इसका जवाब देंगी.

कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने का लिया संकल्प

बैठक में मौजूद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को अधिक सक्रिय बनाने, जनता के मुद्दों को प्राथमिकता देने और बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार करने का संकल्प लिया. बैठक की जानकारी जिला मुख्य प्रवक्ता ई. सिकंदर चंद्रा ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी.

यह भी पढ़ें: चनपटिया रोजगार मेले में 3 से 4 हजार युवाओं को मिला ऑफर लेटर, 162 कंपनियों ने लिया हिस्सा


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By गणेश वर्मा

गणेश ने अपनी पत्रकारिता यात्रा की शुरुआत 2014 में गोरखपुर स्थित हिंदुस्तान अखबार से की। तब से लगातार मुख्यधारा मीडिया में सक्रिय रहकर उन्होंने रिपोर्टिंग से लेकर संपादकीय दायित्वों तक का अनुभव हासिल किया है। फिलहाल वे प्रभात खबर से जुड़े हैं और पश्चिम चम्पारण जिले में बतौर ब्यूरो चीफ कार्यरत हैं।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >