Bettiah News: सिकटा. चेन्नई में हुई दोस्ती, हिंदू नाम से रहने और कथित फर्जी आधार कार्ड की जानकारी मिलने के बाद एक युवक की तलाश में दो युवतियां सीतामढ़ी पहुंचीं. युवक से मिलाने का भरोसा देकर एक व्यक्ति दोनों को सिकटा और फिर इंडो-नेपाल सीमा क्षेत्र तक ले गया. वापसी के दौरान एसएसबी जवानों ने एक नाबालिग समेत दोनों युवतियों और एक युवक को हिरासत में लिया. पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर मानव तस्करी की आशंका में मानव तस्करी रोधी इकाई को सूचना दी गयी.
Sikta News: युवक की तलाश में सीतामढ़ी पहुंची थी युवती
ओडिशा निवासी 23 वर्षीय उर्वर्षी नाग ने पूछताछ में बताया कि चेन्नई में सिलाई का काम करने के दौरान उसकी पहचान सीतामढ़ी के शंकर यादव नामक युवक से हुई थी. बाद में उसे जानकारी मिली कि शंकर मुस्लिम युवक है और हिंदू नाम से कथित तौर पर फर्जी आधार कार्ड बनवाकर रह रहा था.
उर्वर्षी के अनुसार, बाद में शंकर के नेपाल का रहने वाला होने की जानकारी मिली. शंकर के कहीं चले जाने के बाद वह अपनी सहेली के साथ उसकी तलाश में सीतामढ़ी पहुंची.
स्टेशन पर मिला युवक, बॉर्डर तक पहुंची दोनों युवतियां
युवती ने बताया कि सीतामढ़ी स्टेशन पर उसकी मुलाकात मो. मुस्तकीम से हुई. उसने शंकर से मिलाने का भरोसा दिया और दोनों युवतियों को सिकटा तथा फिर भीस्वा ले गया.
वापसी के दौरान इंडो-नेपाल सीमा क्षेत्र में एसएसबी जवानों ने दोनों युवतियों और युवक को हिरासत में ले लिया.
मानव तस्करी की आशंका में हुई पूछताछ
एसएसबी जवानों ने पूछताछ के बाद संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर मानव तस्करी की आशंका जताते हुए मानव तस्करी रोधी इकाई को सूचना दी. इसके बाद प्रयास जुबेनाइल एड सेंटर बेतिया और स्वच्छ संस्था रक्सौल की टीम मौके पर पहुंची.
टीम ने दोनों युवतियों से अलग-अलग पूछताछ की, जिसके बाद पूरे मामले की जानकारी सामने आयी.
एक युवती नाबालिग, युवक की पहचान हुई
हिरासत में लिये गये युवक की पहचान सीतामढ़ी मुड़ली चौक वार्ड संख्या 19 निवासी मो. ईशा के 39 वर्षीय पुत्र मो. मुस्तकीम के रूप में हुई है. वहीं दूसरी युवती छत्तीसगढ़ की 17 वर्षीय किशोरी बतायी गयी है.
प्रयास के पवन कुमार ने लिखित आवेदन के साथ तीनों को सिकटा पुलिस के हवाले कर दिया.
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
थानाध्यक्ष नीतीश कुमार मौर्य ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर अग्रेतर कार्रवाई कर रही है.
यह भी पढ़ें: रक्षाबंधन पर छुट्टी में भी खुले रहेंगे डाकघर, भाइयों तक राखी पहुंचाने में जुटे रहेंगे डाकिया
