इनरवा. मैनाटांड़ थाना क्षेत्र के मैनाटांड़- बसंतपुर रोड मे बुधवार को अरबाज अल्ट्रासाउंड को सील कर संचालन पर केस दर्ज किया गया है. यह कार्रवाई सिविल सर्जन के नेतृत्व में बुधवार को गठित टीम द्वारा की गई. स्वास्थ्य विभाग द्वारा अचानक की गई कार्रवाई के बाद अवैध रूप से चल रहे विभिन्न अल्ट्रासाउंड केंद्रों के संचालकों में हड़कंप मच गया. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ विजय चौधरी ने बताया कि छापेमारी दल में गैर संचारी रोग पदाधिकारी डॉ.मुर्तुजा अंसारी, बीडीओ दीपक कुमार, मैनाटांड पुलिस स-दलबल के साथ उपस्थित थे. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि संचालक से रजिस्ट्रेशन से संबंधित कागजात की मांग की गई. संचालक कोई भी कागजात दिखाने में असमर्थ रहा. स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उक्त अल्ट्रासाउंड को सील करते हुए रजिस्ट्रेशन से संबंधित दस्तावेज, संबंधित चिकित्सक का सर्टिफिकेट एवं नरसिंग होम संचालन के लिए चिकित्सक से संबंधित साक्ष्य के साथ सिविल सर्जन बेतिया के समक्ष 48 घंटे के अंदर प्रस्तुत करने की जानकारी उक्त सेंटर के दिवाल पर लिखकर चंस्पा करा दिया है. स्वास्थ्य विभाग की टीम उक्त केंद्र को सील करते हुए अग्रेतर कार्रवाई कर रही है. वही गुरुवार को डॉ विजय कुमार चौधरी ने बताया कि संचालन समेत एक अन्य पर एफआईआर कर दिया गया है. पुलिस आगे की छानबीन में जुट गई है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
