नरकटियागंज अस्पताल में बंद शौचालय जल्द होंगे चालू, खराब वायरिंग और फर्श की भी होगी मरम्मत

नरकटियागंज अनुमंडलीय अस्पताल में मरीजों की सुविधा बढ़ाने की तैयारी है. बंद शौचालयों की सफाई, खराब वायरिंग और इमरजेंसी वार्ड के फर्श की मरम्मत होगी. अस्पताल भवन का रंग-रोगन कराने के साथ दवा और पर्ची काउंटर पर शेड लगाया जायेगा.

बेतिया स्वास्थ्य व्यवस्था: नरकटियागंज अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक कक्ष में शुक्रवार को रोगी कल्याण समिति की बैठक हुई. अध्यक्षता बीडीओ सूरज कुमार सिंह ने की. बैठक में अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और मरीजों व उनके परिजनों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिये गये.

डेढ़ सप्ताह से बंद दोनों शौचालय होंगे चालू

बैठक में सबसे पहले अस्पताल के करीब डेढ़ सप्ताह से बंद दोनों शौचालयों का मुद्दा उठाया गया. समिति ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि शौचालयों की साफ-सफाई कराकर उन्हें जल्द चालू कराया जायेगा.

अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को शौचालय बंद रहने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. अब साफ-सफाई के बाद दोनों शौचालयों को फिर से उपयोग के लिए उपलब्ध कराने की तैयारी है.

खराब बिजली वायरिंग की होगी मरम्मत

बैठक में अस्पताल के कई कक्षों में खराब बिजली वायरिंग को भी दुरुस्त कराने पर सहमति बनी. इसके अलावा इमरजेंसी वार्ड के क्षतिग्रस्त फर्श की मरम्मत कराने का निर्णय लिया गया.

अस्पताल में टूटे दरवाजे और खिड़कियों की भी मरम्मत करायी जायेगी. समिति ने इन कामों को जल्द पूरा कराने की रणनीति पर चर्चा की, ताकि अस्पताल की रोजमर्रा की व्यवस्था बेहतर हो सके.

पूरे अस्पताल का होगा सौंदर्यीकरण

रोगी कल्याण समिति ने अस्पताल भवन के सौंदर्यीकरण का भी फैसला लिया है. इसके तहत भवन में रंग-रोगन कराने की योजना है. इससे अस्पताल परिसर को बेहतर और व्यवस्थित रूप देने की कोशिश की जायेगी.

बैठक में मरीजों की सुविधा के साथ अस्पताल के वातावरण को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया.

दवा और पर्ची काउंटर पर लगेगा शेड

बैठक में अस्पताल परिसर स्थित दवा काउंटर और पर्ची काउंटर पर तैनात अटेंडेंट की परेशानी का मुद्दा भी उठाया गया. धूप और बारिश के कारण यहां काम करने वाले कर्मचारियों को परेशानी होती है.

समिति ने दोनों काउंटरों के ऊपर शेड लगाने का प्रस्ताव पारित किया. इससे बारिश और तेज धूप के दौरान काउंटर पर काम करने वाले कर्मचारियों के साथ मरीजों को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है.

जल्द पूरा होंगे सभी प्रस्ताव

अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. संजीव कुमार ने कहा कि बैठक में लिये गये सभी प्रस्तावों को जल्द से जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जायेगा. उनका कहना है कि इन कामों का उद्देश्य अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है.

बैठक में अस्पताल प्रबंधक विपिन राज, रोगी कल्याण समिति के सदस्य प्रशांत कुमार, नीलम देवी, अनुज पाठक, वर्मा प्रसाद, शौकत अली समेत अन्य लोग मौजूद रहे.

यह भी पढे़ं:

चाट-पुचका खाने के बाद दो दर्जन से अधिक लोग बीमार, अस्पताल में इलाज जारी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सतीश कुमार पांडेय

सतीश कुमार पांडेय ने वर्ष 2000 में जी न्यूज से पत्रकारिता की शुरुआत की. इन्होंने चर्चित दस्यु सरगनाओं की रिपोर्टिंग की. बाद में आज और दैनिक जागरण में कार्य किया. वर्ष 2016 से वें प्रभात खबर में कार्यरत हैं. इन्हें क्राइम, प्रशासनिक, राजनीतिक, सामाजिक तथा खेती-किसानी से जुड़ी खबरों में विशेष रुचि रही है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >